LOADING...
व्हाट्सऐप यूजर्स ने एक दिन में किए 1.4 अरब कॉल्स, नए साल पर टूटे रिकॉर्ड

व्हाट्सऐप यूजर्स ने एक दिन में किए 1.4 अरब कॉल्स, नए साल पर टूटे रिकॉर्ड

Jan 02, 2021
02:46 pm

क्या है खबर?

मेसेजिंग सर्विस व्हाट्सऐप के यूजर्स ने नए साल पर एकदूसरे को कॉल्स करने का रिकॉर्ड सेट किया है। यूजर्स ने नए साल की शाम 140 करोड़ से ज्यादा व्हाट्सऐप वीडियो और वॉइस कॉल्स किए। व्हाट्सऐप यूजर्स की ओर से केवल एक दिन में किए गए ये सबसे ज्यादा वॉइस और वीडियो कॉल्स हैं। लगभग हर साल ही व्हाट्सऐप यूजर्स नए साल के मौके पर कॉल्स और मेसेजिंग के नए रिकॉर्ड बनाते हैं।

रिकॉर्ड

पिछले साल से इतनी बढ़ी कॉलिंग

पिछले साल नए साल की शाम को किए गए कॉल्स के मुकाबले इस साल 50 प्रतिशत कॉलिंग बढ़ गई। फेसबुक ने अपने मेसेजिंग प्लेटफॉर्म की ओर से 2020 के आखिरी दिन बनाए गए रिकॉर्ड्स की जानकारी दी है। साल 2020 में कोरोना वायरस महामारी के दौरान व्हाट्सऐप पर कॉलिंग तेजी से बढ़ी और लोगों ने डिजिटल कम्युनिकेशंस पर भरोसा जताया। इसी साल व्हाट्सऐप ने ग्रुप कॉलिंग की लिमिट चार मेंबर्स से बढ़ाकर आठ कर दी है।

मेसेज

पिछले साल भेजे गए इतने मेसेज

साल 2019 के आखिरी दिन दुनियाभर के व्हाट्सऐप यूजर्स ने एकदूसरे को 20 अरब मेसेजेस भेजे थे। वहीं, इस साल मेसेजेस के मुकाबले कॉलिंग पर यूजर्स ने ज्यादा भरोसा जताया। 2019 के आखिरी दिन भेजे गए 20 अरब मेसेजेस में से 12 अरब केवल भारत में भेजे गए थे। बता दें कि भारत में व्हाट्सऐप के सबसे ज्यादा यूजर्स हैं और यहां व्हाट्सऐप का यूजरबेस 40 करोड़ से ज्यादा यूजर्स का है।

फेसबुक लाइव

2020 में बढ़े लाइव ब्रॉडकास्ट

वॉइस और वीडियो कॉल्स के अलावा साल 2020 में लाइव ब्रॉडकास्ट भी बढ़े हैं। 2020 के आखिरी दिन ही फेसबुक और इंस्टाग्राम पर 5.5 करोड़ से ज्यादा लाइव ब्रॉडकास्ट किए गए। फेसबुक ने बताया कि न्यू ईयर इवनिंग पर अमेरिका में मेसेंजर पर ग्रुप कॉल्स भी खूब किए गए और करीब दोगुने हुए। मेसेंजर पर यूजर्स को कई न्यू ईयर फिल्टर्स दिए गए और इनमें सबसे ज्यादा पसंद किया गया AR इफेक्ट '2020 फायरवर्क्स' रहा।

जानकारी

व्हाट्सऐप इसलिए टॉप पर

व्हाट्सऐप का दुनियाभर में सबसे बड़ा यूजरबेस है और पूरी तरह ऐड-फ्री इस ऐप के साथ यूजर्स दुनियाभर में कॉलिंग कर सकते हैं। अन्य किसी प्लेटफॉर्म के मुकाबले फेसबुक फैमिली के ऐप का इंटरफेस सबसे क्लीन और यूजर फ्रेंडली है।