Page Loader
व्हाट्सऐप में लगा सकेंगे कवर फोटो, जल्द मिल सकता है कम्युनिटीज फीचर
व्हाट्सऐप इन दिनों कई नए फीचर्स पर काम कर रहा है।

व्हाट्सऐप में लगा सकेंगे कवर फोटो, जल्द मिल सकता है कम्युनिटीज फीचर

Feb 14, 2022
01:00 pm

क्या है खबर?

मेटा की ओनरशिप वाला मेसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप कई नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इन फीचर्स में कवर स्टोरी और व्हाट्सऐप कम्युनिटीज शामिल हैं। कवर स्टोरी फीचर के साथ यूजर्स अपने प्रोफाइल पर एक कवर फोटो लगा सकेंगे। वहीं, दूसरा कम्युनिटीज फीचर यूजर्स को क्लब्स बनाने का विकल्प देगा, जिससे कई ग्रुप्स को आपस में लिंक किया जा सकेगा। दोनों ही फीचर्स ऐप के बीटा वर्जन में दिखे हैं और डिवेलपमेंट फेज में हैं।

कवर

प्रोफाइल पर कवर फोटो लगाने का विकल्प मिलेगा

मेसेजिंग ऐप कवर स्टोरी नाम के एक फीचर पर काम कर रही है। इसकी मदद से यूजर्स को उनके प्रोफाइल पर कवर फोटो लगाने का विकल्प दिया जाएगा। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि व्हाट्सऐप की ओर से बिजनेस सेटिंग्स में इसके लिए एक कैमरा बटन दिया जाएगा। इसके मुताबिक, "जब दूसरे यूजर्स बिजनेस प्रोफाइल देखेंगे, उन्हें आपकी कवर फोटो दिखाई जाएगी।" कवर स्टोरी फीचर व्हाट्सऐप की एंड्रॉयड और iOS बिजनेस ऐप्स के लिए जल्द आ सकता है।

रिपोर्ट

सामने आया कम्युनिटीज फीचर का स्क्रीनशॉट

व्हाट्सऐप अपडेट्स और फीचर्स की जानकारी देने वाली वेबसाइट WABetaInfo ने नई रिपोर्ट में कम्युनिटीज फीचर का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इस स्क्रीनशॉट से सामने आया है कि कम्युनिटी फीचर अब बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। कम्युनिटीज के साथ एक ही एडमिन कई ग्रुप्स को कंट्रोल कर सकेगा और उन्हें मैनेज करने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान हो जाएगी। एक जैसी पसंद वाले यूजर्स को इन कम्युनिटीज से जुड़ने का मौका मिलेगा।

कम्युनिटीज

एकसाथ सभी ग्रुप्स में भेज पाएंगे मेसेज

कम्युनिटीज फीचर की मदद से व्हाट्सऐप यूजर्स एक से ज्यादा ग्रुप्स में एकसाथ मेसेज कर सकेंगे और सभी मेंबर्स तक पहुंच पाएंगे। रिपोर्ट में कहा गया है, "सभी कम्युनिटी मेंबर्स के लिए कम्युनिटी से लिंक ग्रुप्स का हिस्सा बने पार्टिसिपेंट्स को एकसाथ मेसेज करना आसान होगा।" कम्युनिटीज से जुड़ा बदलाव iOS बीटा ऐप में दिखा है और अब एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म्स के लिए भी किया जा रहा है। हालांकि, नया फीचर रोलआउट होने में अभी वक्त लग सकता है।

तरीका

ऐसे बनाई जा सकेगी व्हाट्सऐप कम्युनिटी

पिछली रिपोर्ट्स में सामने आया है कि व्हाट्सऐप ग्रुप की तरह कम्युनिटी बनाने के लिए सबसे पहले कम्युनिटी का नाम और डिस्क्रिप्शन डालना होगा। इतना करने के बाद यूजर्स को नया ग्रुप बनाने या मौजूदा ग्रुप्स को उस कम्युनिटी से लिंक करने का विकल्प दिया जाएगा। कम्युनिटी बनाने के साथ ही प्लेटफॉर्म अपने आप एक ग्रुप भी क्रिएट कर देगा। माना जा रहा है कि इसकी मदद से एडमिन्स सभी लिंक्ड ग्रुप में एकसाथ मेसेज कर पाएंगे।

इंतजार

दूसरी तिमाही में रिलीज हो सकता है नया फीचर

बीते दिनों सामने आया है कि कम्युनिटी का हिस्सा बनने वाले यूजर्स को इससे अनलिंक किए गए ग्रुप्स की जानकारी नहीं मिलेगी। साथ ही कम्युनिटी छोड़ने के बाद यूजर उससे लिंक्ड ग्रुप्स भी नहीं देख पाएगा। कम्युनिटीज फीचर पूरी तरह से तैयार नहीं है और बीटा यूजर्स भी अभी नई कम्युनिटी नहीं बना सकते। हालांकि, इसे दूसरी तिमाही के आखिर तक सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

व्हाट्सऐप दुनिया की सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली मेसेजिंग ऐप है। अकेले भारत में ही इसके 48.7 करोड़ यूजर्स (अक्टूबर, 2021) हैं, जो इसका सबसे बड़ा मार्केट है। ब्राजील लिस्ट में दूसरा नाम है, जहां व्हाट्सऐप यूजर्स की संख्या 11.8 करोड़ है।