Page Loader
व्हाट्सऐप का नया फीचर: कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप में एडमिन अब क्रिएट कर सकेंगे पोल
यह फीचर फिलहाल एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

व्हाट्सऐप का नया फीचर: कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप में एडमिन अब क्रिएट कर सकेंगे पोल

Aug 18, 2023
10:24 am

क्या है खबर?

इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर नए फीचर्स पेश करती रहती है। कंपनी इन दिनों एक नया पोल फीचर रोल आउट कर रही है, जिसके तहत यूजर्स किसी कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप में पोल क्रिएट कर सकेंगे। फीचर उपलब्ध होने पर कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप के एडमिन किसी मुद्दे पर ग्रुप के अन्य सदस्यों का मत जानने के लिए इसका उपयोग कर सकेंगे।

उपयोग

कैसे करें इस फीचर का उपयोग?

किसी सामान्य ग्रुप में पोल फीचर का जिस प्रकार उपयोग किया जाता है ठीक वैसे ही कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप में भी इसका उपयोग करना है। इस फीचर का उपयोग करने के लिए कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप के एडमिन को अटैचमेंट आइकन पर क्लिक करना होगा। यहां उन्हें डॉक्यूमेंट, गैलरी और लोकेशन जैसे विकल्पों के साथ-साथ एक नया पोल विकल्प दिखाई देगा, जिस पर क्लिक कर वह पोल क्रिएट कर सकते हैं और ग्रुप के सदस्यों से उनका मत जान सकते हैं।

सीमाएं

नए फीचर की हैं कुछ सीमाएं

व्हाट्सऐप का नया फीचर केवल एक निश्चित आकार वाले कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप्स में ही दिखाई देता है। किसी कम्युनिटी अनाउंसमेंट ग्रुप के एडमिन अगर इस फीचर का उपयोग करना चाहते हैं तो उस ग्रुप में सदस्यों की संख्या 1,024 से कम होनी चाहिए। फीचर फिलहाल बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध है, जो एंड्रॉयड के लिए व्हाट्सऐप बीटा का लेटेस्ट अपडेट इंस्टॉल करते हैं। आने वाले दिनों में यह सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा।