व्हाट्सऐप का गेस्ट कॉलिंग फीचर लॉन्च, बिना अकाउंट भी कॉल में जुड़ सकेंगे लोग
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर नए फीचर्स पेश करती रहती है। अब कंपनी ने 'गेस्ट कॉलिंग' नाम का एक नया फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से बिना अकाउंट वाले लोग भी कॉल में जुड़ सकेंगे। इसके लिए उन्हें व्हाट्सऐप पर अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे लोगों को किसी दूसरे यूजर से कॉल का निमंत्रण मिलना जरूरी होगा। इससे व्हाट्सऐप इस्तेमाल नहीं करने वाले लोग भी बातचीत में शामिल हो सकेंगे।
सुविधाएं
गेस्ट यूजर्स को मिलेंगी कुछ सीमित सुविधाएं
गेस्ट कॉलिंग में बिना अकाउंट वाले लोग खुद कॉल शुरू नहीं कर सकेंगे।
उन्हें किसी दूसरे यूजर से निमंत्रण मिलने पर ही कॉल में शामिल होने का मौका मिलेगा। कॉल शुरू करने वाले व्यक्ति की मंजूरी के बाद वे बातचीत कर सकेंगे। गेस्ट दूसरे लोगों के फोन नंबर नहीं देख पाएंगे।
हालांकि, वे ब्राउजर के जरिए निजी और ग्रुप कॉल में शामिल होकर स्क्रीन साझा करने और इमोजी से प्रतिक्रिया देने जैसी सुविधाएं इस्तेमाल कर सकेंगे।
कैलेंडर
गूगल और आउटलुक कैलेंडर से भी जुड़ सकेगा व्हाट्सऐप
व्हाट्सऐप आने वाले समय में कैलेंडर से जुड़ी सुविधा भी लाने की तैयारी कर रही है।
इस साल के आखिर में आने वाले प्लगइन की मदद से गूगल कैलेंडर और आउटलुक कैलेंडर से व्हाट्सऐप कॉल की जा सकेंगी। इससे लोगों को मीटिंग या बातचीत तय करना आसान हो सकता है।
गेस्ट कॉलिंग में शामिल होने के लिए कोई तय समय सीमा नहीं होगी। हालांकि, कॉल में शामिल होने और सुविधाओं का इस्तेमाल करने के लिए मेजबान की मंजूरी जरूरी रहेगी।
नए फीचर
व्हाट्सऐप में लगातार जुड़ रहे नए फीचर
व्हाट्सऐप इस साल अपने प्लेटफॉर्म पर कई नए फीचर जोड़ रही है।
कंपनी ने यूजरनेम की सुविधा भी पेश की है, जिससे लोग अपना फोन नंबर बताए बिना दूसरों से जुड़ सकते हैं। इसके अलावा, 2026 में एन्क्रिप्टेड वेब कॉल और आईपैड पर नया अकाउंट बनाने जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
कंपनी का उद्देश्य लोगों के लिए बातचीत को आसान और सुरक्षित बनाना है। नए बदलावों से निजी इस्तेमाल के साथ-साथ कामकाज में व्हाट्सऐप की उपयोगिता बढ़ सकती है।