Page Loader
व्हाट्सऐप बदल रही ऐप का डिजाइन, अब ऐसा दिखेगा स्टेटस अपडेट
व्हाट्सऐप बदल रही ऐप का डिजाइन

व्हाट्सऐप बदल रही ऐप का डिजाइन, अब ऐसा दिखेगा स्टेटस अपडेट

Jul 17, 2024
09:24 am

क्या है खबर?

व्हाट्सऐप अपने यूजर्स को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए ऐप के इंटरफेस में लगातार बदलाव कर रही है। कंपनी ने अब स्टेटस अपडेट्स के लिए एक नया इंटरफेस रोल आउट करना शुरू किया है। यह नया फीचर यूजर्स को प्रोफाइल फोटो के साथ-साथ स्टेटस अपडेट का थंबनेल प्रीव्यू देखने की अनुमति देता है, जिससे उन्हें स्टेटस देखे बिना भी अधिक जानकारी मिलती है। इसके साथ ही मेनू में भी बदलाव किया जा रहा है।

डिजाइन

कैसा है नया डिजाइन?

नए इंटरफेस में स्टेटस अपडेट स्क्रीन के ऊपरी हिस्से में भी बदलाव किया गया है। पहले मेनू में कई चीजें शामिल थीं, जैसे कांटेक्ट को कॉल करना या मैसेज भेजना। नए अपडेट के साथ अब केवल आवश्यक विकल्प मिलेगा, जिसमें स्टेटस अपडेट को म्यूट करना या रिपोर्ट करना और अतिरिक्त कामों के लिए कॉन्टेक्ट की जानकारी देखना शामिल है। यह नया इंटरफेस फिलहाल व्हाट्सऐप बीटा का लेटेस्ट अपडेट इंस्टॉल करने वाले एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध है।

फीचर

व्हाट्सऐप ने कॉलिंग स्क्रीन में किया बदलाव

एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नए अपडेट में कंपनी व्हाट्सऐप कॉलिंग स्क्रीन के लिए एक नया इंटरफेस पेश कर रही है। इस डिजाइन में कॉल में दूसरे कांटेक्ट को जोड़ने के लिए स्क्रीन के ऊपरी हिस्से में आइकन मिलता है। व्हाट्सऐप के नए बॉटम कॉलिंग बार इंटरफेस में कॉल डिसकनेक्ट करने, म्यूट करने और स्पीकर पर करने का विकल्प स्क्रीन के निचले हिस्से में मिलता है। कॉलिंग के लिए व्हाट्सऐप का नया इंटरफेस फिलहाल कुछ यूजर्स के लिए उपलब्ध है।