5G ऐप्स के लिए आइडिया मांग रही वनपल्स, विजेता को मिलेंगे ये ईनाम

मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में 5G से जुड़ी कई घोषणाएं की गई हैं। इन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नया दौर शुरू होने वाला है। सैमसंग और हुवाई आदि कंपनियों ने 5G फोन उतारने का ऐलान कर दिया है। वनप्लस ने इन कंपनियों से हटकर एक ऐलान किया है। कंपनी ने 'ऐप्स ऑफ टूमारो' कॉन्टेस्ट लॉन्च किया है। इसके तहत डेवलपर्स को 5G टेक्नोलॉजी वाली ऐप्स बनानी होंगी और इनके बदले उन्हें ईनाम दिया जाएगा।
अभी तक अधिकतर कंपनियां 5G के लिए हार्डवेयर बनाने पर ध्यान दे रही हैं। हालांकि, नई टेक्नोलॉजी के लिए सिर्फ हार्डवेयर काफी नहीं होगा। इसका इस्तेमाल करने के लिए ऐप्स की भी जरूरत होगी। इसे देखते हुए वनपल्स के CEO पेटे लाऊ ने क्वालकॉम और ब्रिटिश कंपनी EE के साथ मिलकर इस कॉन्टेस्ट का ऐलान किया है। इसमें अलग-अलग उदेश्यों के लिए 5G टेक्नोलॉजी पर चलने वाली ऐप्स बनाने के आइडिया देने होंगे।
इस कॉन्टेस्ट के तहत ऐप डेवलपर्स को 5G पर चलने वाली ऐप्स का आइडिया 26 मार्च तक जमा करना होगा। इसमें भाग लेने वाले डेवलपर्स को ऐप का आइडिया एक वीडियो के जरिए सबमिट करना होगा। इसके बाद वनप्लस के ग्लोबल टेक लीडर डेवलपर्स को शॉर्टलिस्ट करेंगे। कॉन्टेस्ट के फाइनलिस्ट के नाम 10 अप्रैल और विजेताओं के नाम 18 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।
अंतिम राउंड में वनप्लस 5 विजेताओं का चयन करेगा। इन विजेताओं को शेनझेन में वनपल्स के हेडक्वार्टर में ले जाया जाएगा और कंपनी के CEO से मिलवाया जाएगा। साथ ही उन्हें वनप्लस का 5G डिवाइस, 5G लैब की सुविधा और उनके आइडिया पर काम करने के लिए एक साल तक आर्थिक मदद दी जाएगी। विजेताओं के अलावा 15 रनर-अप भी चुने जाएंगे। इन्हें ईनाम के तौर पर एक वनप्लस डिवाइस दिया जाएगा।
इस कॉन्टेस्ट में भाग लेने के लिए OnePlus.com/5G पर जाकर एप्लिकेशन फॉर्म भरना होगा। इसके साथ अपने आइडिया वाले वीडियो को सबमिट करना होगा। इस वीडियो में भाग लेने के इच्छुक लोगों को अपनी आइडिया के बारे में विस्तार से बताना होगा। इसके बाद वनप्लस के जज इस आइडिया को अपने बिजनेस, क्रिएटिविटी और दूसरों पैमानों के आधार पर जज कर विजेताओं के नाम का ऐलान करेंगे।