जंतर-मंतर प्रदर्शन पर बना वीडियो गेम वायरल, जानिए कौन है इसका डेवलपर
क्या है खबर?
दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और लोगों को हिरासत में लिए जाने की चर्चा के बीच एक नया वीडियो गेम सामने आया है। 'जंतर-मंतर चलो' नाम का यह गेम मौजूदा हालात पर व्यंग्य करता है। इसमें खिलाड़ी आंदोलनकारी बनकर जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं या दिल्ली पुलिस की भूमिका निभाकर उन्हें रोक सकते हैं। गेम में बैरिकेड, भीड़ और हिरासत जैसी स्थितियां दिखाई गई हैं, जो इसे दूसरे खेलों से अलग बनाती हैं।
डेवलपर
कौन है इसका डेवलपर?
इस गेम को उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले 27 वर्षीय सूरज कुशवाहा ने बनाया है।
वह पेशे से IT क्षेत्र में काम करने वाले देवऑप्स इंजीनियर हैं और वनप्ले से जुड़े हैं। इंटरनेट पर वह बग्सराइटर नाम से जाने जाते हैं। सूरज लिनक्स से जुड़ा एक यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं।
दिल्ली में प्रदर्शन से जुड़ी खबरों को देखने के बाद उन्हें यह गेम बनाने का विचार आया। उन्होंने इसे इंटरनेट पर खेलने के लिए उपलब्ध कराया है।
गेम
आंदोलनकारी या पुलिस बनकर खेल सकते हैं यूजर
गेम शुरू करते समय खिलाड़ी को अपनी भूमिका चुननी होती है।
आंदोलनकारी बनने पर उसे लोगों को जोड़कर काफिला बनाना और पुलिस से बचते हुए जंतर-मंतर पहुंचना होता है। पुलिस की भूमिका में खिलाड़ी लाठी और बैरिकेड की मदद से प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश कर सकता है।
गेम में इंटरनेट बंद होने पर नक्शा काम करना बंद कर सकता है। हिरासत में लिए जाने पर खिलाड़ी को कपासहेड़ा बॉर्डर या नरेला स्टेडियम जैसी जगहों पर पहुंचा दिया जाता है।
सावधानी
खेलने से पहले रखें सावधानी
सूरज कुशवाह ने इंस्टाग्राम पर इस गेम का वीडियो साझा किया था, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
कुछ लोगों ने इसकी तारीफ की, जबकि कुछ ने इस गेम में नए विकल्प जोड़ने के सुझाव भी दिए हैं। यह गेम mantarjantar.com पर उपलब्ध है।
ध्यान रखें कि इसे खेलते समय निजी जानकारी साझा करने से बचें और वेबसाइट की सुरक्षा जांचकर ही आगे बढ़ें। किसी लिंक पर संदेह हो तो उस पर क्लिक नहीं करें।