टेंपल वियरेबल के लिए 1 नवंबर से शुरू होंगे प्री-ऑर्डर, जानिए क्या मिलेंगे फीचर
क्या है खबर?
जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल से जुड़ा वियरेबल डिवाइस टेंपल के लिए प्री-ऑर्डर 1 नवंबर से शुरू होगा। यह डिवाइस वियरेबल टेक्नोलॉजी के मामले में एक अलग तरीका अपनाता है। यह पारंपरिक फिटनेस मापदंडों के बजाय मस्तिष्क में रक्त प्रवाह में होने वाले बदलावों पर ध्यान केंद्रित करता है। शुरुआत में यह डिवाइस 6 रंगों- ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड, ब्लैक मिरर, रियल जेड, डीप ब्लू और पर्पल फंक में उपलब्ध होगा।
उपलब्धता
ऑर्डर के आधार पर होगा उत्पादन
अर्ली-एक्सेस के लिए साइन-अप करने वाले लोगों के साथ शेयर किए गए एक ईमेल के अनुसार, पहला प्रोडक्शन बैच ऑर्डर मिलने पर तैयार किया जाएगा।
ऑर्डर 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर स्वीकार किए जाएंगे। कंपनी ने यह नहीं बताया है कि इस शुरुआती सेल के दौरान कितने डिवाइस उपलब्ध होंगे।
हालांकि, प्री-ऑर्डर की तारीख तय हो गई है, लेकिन यह साफ नहीं है कि अर्ली-एक्सेस रजिस्ट्रेशन कराने वाले खरीदारों को प्राथमिकता के आधार पर बुकिंग मिलेगी या नहीं।
खासियत
इन सुविधाओं से लैस होगा डिवाइस
टेंपल को सिर के किनारे पहनने के लिए डिजाइन किया है। इसमें ऑप्टिकल सेंसर लगे हैं, जो मस्तिष्क में रक्त प्रवाह में होने वाले बदलावों को ट्रैक करते हैं।
यह 'ब्रेनफ्लो' इस डिवाइस के मॉनिटरिंग सिस्टम का एक मुख्य हिस्सा है। यह वियरेबल डिवाइस 1 से 250 के बीच का 'एंट्रॉपी स्कोर' भी देता है।
यह स्कोर रोजमर्रा के कई कारकों से जुड़े शारीरिक तनाव को दर्शाता है, जिनमें नींद, तनाव, व्यायाम और कैफीन का सेवन शामिल हैं।