Loading...
टाटा एल्क्सी और सरला एविएशन बना रहीं एयर टैक्सी, 2028 तक भरेगी पहली उड़ान
टाटा एल्क्सी और सरला एविएशन का eVTOL एयरक्राफ्ट अगले 2 साल में उड़ान भरेगा

टाटा एल्क्सी और सरला एविएशन बना रहीं एयर टैक्सी, 2028 तक भरेगी पहली उड़ान

Sep 01, 2026
08:35 pm

क्या है खबर?

देश की डिजाइन और टेक्नोलॉजी सर्विस कंपनी टाटा एल्क्सी एयर मोबिलिटी कंपनी सरला एविएशन के साथ मिलकर पहले स्वदेशी 6-सीटर इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग (eVTOL) एयरक्राफ्ट 'शून्य' को विकसित करेगी। इसकी पहली उड़ान अगले 18-24 महीनों में करने का लक्ष्य है, जिसके बाद इसके सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू होगी। इस एयर टैक्सी को 300 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज के साथ डिजाइन किया जा रहा है और इसमें वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग के साथ-साथ फिक्स्ड-विंग क्रूज की क्षमता होगी।

सहयोग 

साझेदारी से दोनों कंपनियों को मिलेगा यह फायदा 

टाटा एल्क्सी के पास एयरक्राफ्ट के डेवलपमेंट, टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन में मदद करने के लिए एयरोस्पेस, सॉफ्टवेयर और फ्लाइट-क्रिटिकल डिजिटल इंजीनियरिंग में महारत है।

इस सहयोग के तहत, कंपनी फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम, साॅफ्टवेयर इंटीग्रेशन, टेस्टिंग, वेरिफिकेशन और वैलिडेशन, सर्टिफिकेशन में इंजीनियरिंग सपोर्ट देगी, जबकि सरला एविएशन 'शून्य' प्लेटफॉर्म के डिजाइन, डेवलपमेंट और टाइप सर्टिफिकेशन का काम संभालेगी।

इस साझेदारी से सेंसर फ्यूजन-आधारित नेविगेशन सॉफ्टवेयर, इंडस्ट्रियल और स्ट्रक्चरल डिजाइन और एयरवर्दीनेस टेस्ट सपोर्ट के क्षेत्रों में भी मदद के मौके बनेंगे।

बयान 

दोनों कंपनियों ने साझेदारी को लेकर क्या कहा?

सरला एविएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एड्रियन श्मिट ने कहा, "नए तरह के एयरक्राफ्ट बनाने के लिए ऐसे लोगों और संगठनों को एक साथ लाने की जरूरत है, जो इस बाजार में ऐसी समस्याओं को हल करने के लिए तैयार हों।"

टाटा एल्क्सी के CEO मनोज राघवन ने कहा, "इस तरह की पहल से एयरोस्पेस, मोबिलिटी और डिजिटल टेक्नोलॉजी में बनी विशेषज्ञता को पूरी तरह से नए एविएशन प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल करने के मौके मिलते हैं।"

ADVERTISEMENT