प्लेस्टेशन 5 के लिए रंग-बिरंगे कंट्रोलर्स और फेस प्लेट्स लाई सोनी, इतनी है कीमत
क्या है खबर?
लोकप्रिय गेमिंग कंसोल प्लेस्टेशन बनाने वाली कंपनी सोनी ने लंबे इंतजार के बाद इससे जुड़े नए एक्सेसरीज लॉन्च किए हैं।
सोनी ने प्लेस्टेशन 5 (PS 5) के लिए कस्टम कवर्स और नए कंट्रोलर वेरियंट्स की घोषणा कर दी है।
ये एक्सेसरीज गैलेक्सी से प्रेरित कई नए रंगों में खरीदे जा सकेंगे और इनकी बिक्री चुनिंदा मार्केट्स में जनवरी, 2022 से शुरू हो सकती है।
भारत में इनकी उपलब्धता को लेकर अब तक कुछ नहीं कहा गया है।
कंट्रोलर्स
तीन नए रंगों में आए ड्यूलसेंस कंट्रोलर्स
जून, 2021 में मिडनाइट ब्लैक और कॉस्मिक रेड ड्यूलसेंस कंट्रोलर्स लॉन्च किए गए थे और PS 5 यूजर्स को अब तीन नए रंगों में इन्हें खरीदने का विकल्प दिया गया है।
जनवरी, 2022 में रिलीज होने को तैयार नए कंट्रोलर्स के रंगों को नोवा पिंक, स्टारलाइट ब्लू और गैलेक्टिक पर्पल नाम दिया गया है।
इन्हें कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 74.99 डॉलर (करीब 5,680 रुपये) में प्री-ऑर्डर किया जा सकता है।
साइड प्लेट्स
कस्टम साइड प्लेट्स भी हुईं लॉन्च
नए कंट्रोलर लाइनअप के रंगों से मिलते-जुलते कंसोल के लिए सोनी ने प्लेस्टेशन 5 की कस्टम साइड प्लेट्स भी लॉन्च की हैं।
आधिकारिक स्टोर पर इनकी कीमत 54.99 डॉलर (करीब 4,165 रुपये) दिख रही है।
ये फेसप्लेट्स भी उन्हीं रंगों में खरीदी जा सकेंगी, जिनमें नए ड्यूलसेंस कंट्रोलर्स उपलब्ध हैं।
कंपनी की योजना कॉस्मिक रेड और मिडनाइट ब्लैक कवर जनवरी में लाने की है और तीसरे रंग को 2022 की पहली छमाही में खरीदा जा सकेगा।
तरीका
बहुत आसान है साइड प्लेट बदलने का तरीका
कंपनी ने ब्लॉग पोस्ट में लिखा है, "ये कंसोल कवर्स सुंदर हैं और इन्हें इस्तेमाल करना बहुत आसान है। पहले अपने ओरिजनल वाइट PS 5 कंसोल कवर हटाएं और फिर नए कवर्स उनकी जगह लगा दें।"
सोनी ने बताया है कि नए PS 5 कवर्स गेमिंग कंसोल के डिजिटल और डिस्क दोनों वर्जन्स के लिए उपलब्ध होंगे और अलग-अलग खरीदे जा सकेंगे।
शुरू में नए एक्सेसरीज भारतीय मार्केट में नहीं खरीदे जा सकेंगे।
पेटेंट
कंपनी ने लिया साइड प्लेट डिजाइन का पेटेंट
कंसोल्स बनाने वाली कंपनी ने कुछ सप्ताह पहले प्लेस्टेशन 5 के साइड प्लेट डिजाइन का पेटेंट लिया था, जिसके बाद नई घोषणा की गई है।
दरअसल, सोनी को PS 5 डार्कप्लेट्स बनाने वाली डीब्रैंड और ट्रेंज गेमिंग जैसी कंपनियों के साथ कानूनी विवाद का सामना करना पड़ा था।
सोनी नहीं चाहती कि दूसरी कंपनियां उसके गेमिंग कंसोल से जुड़े पार्ट्स डिजाइन करें।
जवाब में डीब्रैंड ने अपनी प्लेट में एयर वेंट्स देते हुए उसका डिजाइन अलग कर दिया है।
न्यूजबाइट्स प्लस
एक करोड़ से ज्यादा PS 5 यूनिट्स बिके
प्लेस्टेशन 5 गेमिंग कंसोल को दुनियाभर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और इसकी जबरदस्त डिमांड देखने को मिली।
पिछली फाइनेंशियल रिपोर्ट में कंपनी ने बताया था कि 1.34 करोड़ प्लेस्टेशन 5 कंसोल्स की बिक्री दुनियाभर में की गई है।
भारत में के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत भारत में 49,990 रुपये रखी गई है। वहीं, इसके डिजिटल एडिशन को ग्राहक 39,990 रुपये में सोनी की आधिकारिक वेबसाइट से खरीद सकते हैं।