भारत में स्मार्टफोन शिपमेंट में 26 प्रतिशत की गिरावट, 2016 के बाद सबसे निचला स्तर
क्या है खबर?
भारत में स्मार्टफोन की आपूर्ति में 2026 की तीसरी तिमाही के दौरान बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बाजार शोध कंपनी ओमडिया के मुताबिक, जुलाई से सितंबर के बीच कंपनियों ने 3.58 करोड़ स्मार्टफोन भेजे, जो पिछले साल की इसी अवधि से 26 प्रतिशत कम हैं। यह 2016 के बाद इस तिमाही का सबसे निचला स्तर है। त्योहारों का मौसम शुरू होने के बावजूद बाजार में फोन की मांग कमजोर रही और कंपनियों को इसका असर झेलना पड़ा है।
वजह
महंगे फोन और कमजोर मांग बनी गिरावट की वजह
ओमडिया के अनुसार, स्मार्टफोन की बढ़ती कीमतों और ग्राहकों के सोच-समझकर खर्च करने से बिक्री प्रभावित हुई।
कई लोग पुराने फोन को बदलने का फैसला टाल रहे हैं। इसके अलावा, कंपनियों की सामान जमा करने की योजना कमजोर रही और ऑनलाइन बिक्री के लिए भेजे जाने वाले फोन भी कम हुए।
दिवाली देर से होने के कारण कुछ दुकानदारों ने त्योहारों के लिए फोन का स्टॉक सितंबर के बजाय अक्टूबर में मंगवाया, जिससे तिमाही के आंकड़ों पर असर पड़ा है।
कंपनियां
सैमसंग पहले स्थान पर
स्मार्टफोन की आपूर्ति में गिरावट के बावजूद सैमसंग भारतीय बाजार में पहले स्थान पर रहा।
ओमडिया के मुताबिक, कंपनी ने तीसरी तिमाही में 67 लाख फोन भेजे। 2024 की पहली तिमाही के बाद वह पहली बार शीर्ष स्थान पर पहुंची। गैलेक्सी A07, A17 और A27 जैसे मॉडल से कंपनी को मदद मिली।
वहीं, वीवो 64 लाख फोन की आपूर्ति के साथ दूसरे स्थान पर रहा, लेकिन उसकी आपूर्ति में सालाना आधार पर 34 प्रतिशत की गिरावट आई।
स्थिति
ओप्पो, शाओमी और ऐपल की स्थिति
ओप्पो ने तीसरी तिमाही में 49 लाख स्मार्टफोन भेजे और तीसरे स्थान पर रहा। उसकी आपूर्ति पिछले साल से 24 प्रतिशत कम रही।
शाओमी 47 लाख फोन के साथ चौथे स्थान पर रहा, जबकि उसकी आपूर्ति में 28 प्रतिशत की गिरावट आई।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुर्जों की बढ़ती कीमतों ने फोन की कीमत और मेमोरी पर असर डाला। ऐपल 39 लाख फोन भेजकर पांचवें स्थान पर रहा। आईफोन 16 और 17 की मांग से कंपनी को सहारा मिला।
अनुमान
2027 में भी बाजार कमजोर रहने का अनुमान
ओमडिया का अनुमान है कि 2027 में भी भारत के स्मार्टफोन बाजार में मामूली गिरावट जारी रह सकती है।
महंगे फोन और लंबे समय तक पुराने फोन इस्तेमाल करने की आदत से नई खरीदारी प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े नए फीचर लोगों को फोन बदलने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
ओमडिया के सर्वे में करीब 40 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उपयोगी AI सुविधाओं के लिए वह ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार हैं।