OpenAI के ऑफिस में रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के आरोप में सऊदी कर्मचारी गिरफ्तार
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को स्थित एक कार्यालय में रिकॉर्डिंग डिवाइस मिलने के मामले में कंपनी के सऊदी कर्मचारी अब्दुलरहमान अल्फोजान को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, 35 वर्षीय इंजीनियर को 9 अक्टूबर को पकड़ा गया। वह जुलाई, 2025 से OpenAI में काम कर रहा था। कंपनी ने बताया कि उसके कार्यालय के अंदर छिपा एक उन्नत रिकॉर्डिंग उपकरण मिला था, जिसके बाद मामले की जानकारी FBI को दी गई।
आरोप
टेलीविजन में USB डिवाइस छिपाने का आरोप
न्याय विभाग के अनुसार, अल्फोजान ने कथित तौर पर एक USB डिवाइस को टॉयलेट पेपर में लपेटकर बैठक वाले कमरे में लगे टेलीविजन में छिपाया था।
सुरक्षा कैमरों में वह उस कमरे के पास दिखाई दिया, जबकि उसे वहां होने वाली बैठकों में शामिल होने की अनुमति ही नहीं थी।
आरोप है कि उसने कार्यालय, बैठक कक्ष, कैलेंडर, समय-सारणी और कर्मचारियों की लोकेशन से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए उत्पादकता टूल का इस्तेमाल किया।
उपकरण
लावारिस बैग से मिला दूसरा उपकरण
जांच के दौरान सुरक्षा टीम को अल्फोजान के लावारिस बैग से दूसरा उपकरण मिला।
फुटेज में वह प्रतिबंधित बैठक कक्ष के अंदर टेलीविजन के पीछे देखते हुए दिखाई दिया। उसकी पत्नी से जुड़े चैटबॉट अकाउंट में दूर से आवाज रिकॉर्ड करने और मेमोरी कार्ड को एन्क्रिप्ट करने के बारे में सवाल पूछे जाने की बात भी सामने आई।
हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि उपकरणों से कोई जानकारी रिकॉर्ड हुई थी या नहीं।
अन्य
5 साल की जेल और जुर्माने का सामना
OpenAI ने कहा है कि ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि अल्फोजान ने कंपनी के AI मॉडल, सोर्स कोड या ग्राहकों का डाटा हासिल किया या बाहर निकाला।
उस पर बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक या अन्य उपकरण इस्तेमाल करने की कोशिश का आरोप है। दोषी पाए जाने पर उसे 5 साल तक जेल और 2.5 लाख डॉलर (लगभग 2.40 करोड़ रुपये) जुर्माना हो सकता है।
आरोपी को 19 अक्टूबर को संघीय अदालत के सामने पेश होना है।