AI से जुड़े खतरों पर बोले सैम ऑल्टमैन, फायदे के लिए जोखिम उठाने की जरूरत
क्या है खबर?
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि AI से मिलने वाले फायदों के लिए दुनिया को कुछ जोखिमों को स्वीकार करना पड़ सकता है। ऑल्टमैन ने AI के नियमन को लेकर एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई से अपने विचार अलग बताए। उनका मानना है कि AI से होने वाली हर बुरी चीज को रोकना संभव नहीं है, लेकिन इसके फायदे काफी बड़े हो सकते हैं।
नियंत्रण
AI पर किसी एक कंपनी का पूरा नियंत्रण नहीं
ऑल्टमैन ने कहा कि किसी एक AI लैब को पूरी तकनीक पर नियंत्रण देना सही नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि AI कंपनियों को सुरक्षा पर काम करते हुए तकनीक में सुधार जारी रखना चाहिए। हैकिंग, गलत इस्तेमाल और धोखाधड़ी जैसे जोखिमों को रोकने की कोशिश जरूरी है।
हालांकि, इन खतरों के डर से AI का विकास रोकना भी ठीक नहीं होगा। ऑल्टमैन का कहना है कि AI से लोगों को नुकसान के मुकाबले कई गुना ज्यादा फायदा मिल सकता है।
चिंता
डारियो अमोदेई ने AI के खतरों पर जताई चिंता
ऑल्टमैन की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब डारियो अमोदेई AI के खतरों को लेकर लगातार चिंता जता रहे हैं।
अमोदेई ने कहा है कि AI के असली जोखिम मौजूद हैं और उद्योग ने लंबे समय तक लोगों को इनके बारे में पूरी जानकारी नहीं दी। कुछ AI शोधकर्ताओं ने बिना नियमन के विकास को गंभीर खतरा बताया है।
वहीं, एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग ने इंसानों के खत्म होने जैसे दावों को खारिज किया है।
अन्य
अमेरिका में AI सुरक्षा को लेकर भी कदम
AI की सुरक्षा को लेकर अमेरिकी सरकार भी कदम उठा रही है।
हाल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों ने सुरक्षित AI विकास से जुड़े एक स्वैच्छिक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसमें AI को सुरक्षित तरीके से विकसित करने पर जोर दिया गया है।
ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर भी हस्ताक्षर किया है। इसके तहत संघीय एजेंसियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बजाय सुपर इंटेलिजेंस यानी SI शब्द इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है।