OpenAI यूरोपीय देशों में ChatGPT के टेक्स्ट पर शुरू करेगी वॉटरमार्किंग, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
OpenAI आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अधिनियम का पालन करने के लिए यूरोपीय संघ (EU) में ChatGPT और कोडेक्स से बने टेक्स्ट में एक अदृश्य वॉटरमार्क जोड़ना शुरू करेगी। 2 अगस्त से EU में लागू हुए AI एक्ट के पारदर्शिता नियम कंपनियों के लिए यह जरूरी बनाते हैं कि वे AI से बने कंटेंट को इस तरह से मार्क करें कि दूसरे सिस्टम उसे पहचान सकें। इसका मकसद इंसानों द्वारा बनाए और तकनीक से बने कंटेंट की पहचान करना है।
उपलब्धता
कहां-कहां लागू होगा यह सिस्टम?
AI कंपनी ने कहा कि वॉटरमार्क आने वाले सप्ताहों में सभी प्लान वाले योग्य ChatGPT और कोडेक्स यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा, लेकिन केवल EU में।
दुनियाभर में OpenAI के API का इस्तेमाल करने वाले डेवलपर्स आज से ही चुनिंदा मॉडल के लिए इसे चालू कर सकते हैं। यह डिफॉल्ट रूप से बंद रहता है।
कंपनी ने कहा कि वह लॉन्च के समय टेक्स्ट वॉटरमार्किंग को वैश्विक स्तर पर डिफॉल्ट नहीं बना रही है।
तरीका
ऐसे काम करता है यह सिस्टम
वॉटरमार्क कोई असल सिंबल नहीं है, बल्कि यह मॉडल के शब्दों के चुनाव को थोड़ा बदलकर काम करता है।
इससे एक ऐसा पैटर्न बनता है, जिसे पाठक तो नहीं देख सकते, लेकिन डिटेक्टर पहचान सकता है। यह टेक्स्ट को कॉपी और पेस्ट करने पर उसके साथ ही चला जाता है।
OpenAI ने कहा कि वॉटरमार्क यूजर की पहचान नहीं करता है और इसे चालू करने पर मॉडल की परफॉर्मेंस में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।