OpenAI ने कारप्ले के लिए लॉन्च किया ChatGPT का वॉइस फीचर, कैसे करें उपयोग?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने एक सरप्राइज अपडेट में ChatGPT का वॉइस मोड अब ऐपल कारप्ले पर भी उपलब्ध करा दिया है। अब आईफोन यूजर्स अपनी कार में बैठकर भी ChatGPT से सीधे बात कर सकते हैं। इसके लिए iOS और ChatGPT ऐप का लेटेस्ट वर्जन होना जरूरी है। इसके साथ ही, कार का कारप्ले सपोर्ट करना भी जरूरी है, जिससे यह फीचर ठीक तरह से काम कर सके।
तरीका
कैसे करें इस्तेमाल?
इस फीचर को इस्तेमाल करने के लिए यूजर को अपना आईफोन कारप्ले से कनेक्ट करना होगा। इसके बाद ChatGPT ऐप खोलकर 'नई वॉइस चैट' का विकल्प चुनना होगा। जैसे ही ऐप यह दिखाता है कि ChatGPT सुन रहा है, आप बोलकर बातचीत शुरू कर सकते हैं। यह फीचर ड्राइविंग के दौरान बिना टाइप किए सवाल पूछने और जवाब पाने का आसान तरीका देता है, जिससे यूजर्स को काफी सुविधा मिलती है।
सीमाएं
फीचर में कुछ जरूरी सीमाएं भी मौजूद
इस नए फीचर में कुछ सीमाएं भी हैं। ChatGPT कार के सिस्टम को कंट्रोल नहीं कर सकता, जैसे गाने बदलना या एसी सेट करना। इन कामों के लिए यूजर्स को अभी भी सिरी का इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा, सिरी की तरह वॉइस कमांड से ChatGPT को शुरू नहीं किया जा सकता। हर बार इस्तेमाल के लिए ऐप को खोलना जरूरी होता है, जिससे थोड़ा अतिरिक्त समय लग सकता है।
लाभ
किन कामों में सबसे ज्यादा काम आएगा यह फीचर?
OpenAI के अनुसार, यह फीचर खासतौर पर सलाह लेने, नए आइडिया सोचने और भाषाओं की प्रैक्टिस करने के लिए उपयोगी है। ड्राइविंग के दौरान यूजर आसानी से ChatGPT से बात कर सकते हैं और जानकारी ले सकते हैं। हालांकि, कई लोग कार में म्यूजिक या पॉडकास्ट सुनना पसंद करते हैं, फिर भी यह फीचर उन लोगों के लिए नया विकल्प देता है जो सफर के दौरान कुछ नया सीखना या बातचीत करना चाहते हैं।