OpenAI ने किशोरों के लिए लॉन्च किया ChatGPT, जानिए क्या है इसमें खास
क्या है खबर?
OpenAI ने मंगलवार (18 अगस्त) को किशोरों के लिए ChatGPT पेश किया, जो बेहतर सुरक्षा फीचर्स के साथ उनके लिए खास तौर पर बनाया गया है। यह लॉन्च ऐसे समय में हुआ है, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट के युवा यूजर्स की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। कंपनी ने सितंबर, 2025 में किशोरों के लिए आयु-उपयुक्त नीतियों के साथ विशेष ChatGPT अनुभव विकसित करने की घोषणा की थी।
आयु
इस आयु के यूजर्स के लिए अपने आप होगा लागू
'ChatGPT फोर टींस' सीखने और सुरक्षा से जुड़े मौजूदा और नए फीचर्स को एक ही जगह पर लाता है।
कंपनी का कहना है कि इसे किशोरों को सीखने, सोच-समझकर फैसले लेने, समझ को बेहतर बनाने और आत्मविश्वास के साथ AI का इस्तेमाल करने में मदद करने के लिए बनाया गया है।
यह अनुभव 13-17 साल के यूजर्स के लिए अपने आप लागू हो जाएगा और जिनकी उम्र कंपनी के सिस्टम के हिसाब से 18 साल से कम है।
सुविधा
पढ़ाई में ऐसे मदद करेगा चैटबॉट
किशोरों के लिए ChatGPT में 'स्टडी मोड' होगा, जिसे पिछले साल जुलाई में पेश किया गया था। यह मोड गाइडिंग सवालों और स्टेप-बाय-स्टेप मदद का इस्तेमाल करके किशोरों को टॉपिक्स समझने में मदद करता है।
अगर, कोई किशोर असाइनमेंट को शॉर्टकट से पूरा करने की कोशिश करता है तो होमवर्क से जुड़े रिमाइंडर उन्हें वापस 'स्टडी मोड' की ओर ले जाएंगे।
माता-पिता 'स्टडी आवर्स' भी तय कर सकते हैं। चैटबॉट क्विज और सीखने में मदद करने वाले विजुअलाइजेशन भी देगा।
नियंत्रण
माता-पिता रख सकेंगे किशोरों के अकाउंट पर नियंत्रण
OpenAI ने कहा है कि किशोरों के लिए ChatGPT में खुद को नुकसान पहुंचाना, हिंसा, ईटिंग डिसऑर्डर, खतरनाक गतिविधियां और सेक्स से जुड़ा साफ या ग्राफिक कंटेंट जैसे जोखिम वाले मामलों के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय शामिल होंगे।
साथ ही, ज्यादा देर तक इस्तेमाल करने पर किशोरों को ब्रेक लेने के लिए बार-बार याद दिलाया जाएगा।
माता-पिता पैरेंटल कंट्रोल का इस्तेमाल करके 'क्वाइट आवर्स' सेट कर सकते हैं और जोखिम वाली स्थितियों में सुरक्षा से जुड़े नोटिफिकेशन पा सकते हैं।