OpenAI ने पेश किया अल्ट्राफास्ट, GPT-5.6 सोल की रफ्तार में बड़ा उछाल
क्या है खबर?
OpenAI ने अपने एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल GPT-5.6 सोल के लिए अल्ट्राफास्ट नाम का नया विकल्प पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, यह मोड सामान्य प्रोसेसिंग की तुलना में मॉडल को 14 गुना तक तेज कर सकता है। इसका उद्देश्य उन यूजर्स और कंपनियों को तेज जवाब देना है, जिन्हें मुश्किल कामों के दौरान तुरंत परिणाम चाहिए। OpenAI का कहना है कि अल्ट्राफास्ट फ्रंटियर स्तर की क्षमता बनाए रखते हुए ज्यादा तेजी से काम करेगा।
टोकन
हर सेकंड 750 आउटपुट टोकन तक तैयार करेगा
अल्ट्राफास्ट हर सेकंड 750 आउटपुट टोकन तक तैयार कर सकता है।
आसान भाषा में समझें तो टोकन AI के लिए जानकारी की छोटी इकाई होते हैं, जिनसे जवाब तैयार किया जाता है। नया मोड उन यूजर्स के लिए बनाया गया है, जो छोटे मॉडल पर जाने के बजाय सोल की क्षमता के साथ तेज काम करना चाहते हैं।
इसे AI हार्डवेयर कंपनी सेरेब्रस की तकनीक से चलाया जा रहा है, जो कम देरी वाले AI काम पर केंद्रित है।
विश्लेषण
लॉग और संदिग्ध गतिविधियों का तेजी से विश्लेषण
OpenAI के अनुसार, अल्ट्राफास्ट का इस्तेमाल ऐसे कामों में किया जा सकता है, जहां हर सेकंड महत्वपूर्ण है।
यह आउटेज के दौरान सिस्टम लॉग, कोड में हालिया बदलाव और इंजीनियरों की रिपोर्ट का तेजी से विश्लेषण कर सकता है। बदलते हालात में लेनदेन या संदिग्ध गतिविधियों की जांच और ग्राहकों की समस्याओं का तुरंत समाधान भी संभव है।
कंपनी के डेवलपर्स इसका इस्तेमाल लॉग पढ़ने, ट्रेस समझने और फिक्स तैयार करने में कर रहे हैं।
उपलब्धता
फिलहाल API पर परीक्षण के तौर पर उपलब्ध
अल्ट्राफास्ट फिलहाल API के जरिए परीक्षण के तौर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
OpenAI शुरुआती ग्राहकों के साथ यह समझने की कोशिश कर रही है कि ज्यादा गति का सबसे अधिक फायदा कहां मिलेगा। इसे कोडिंग, कारोबार, वित्तीय शोध और ग्राहक सहायता जैसे क्षेत्रों में कंपनियों के साथ आजमाया जा रहा है।
इच्छुक ग्राहक अपने काम और गति से जुड़ी जरूरतें बताकर वेटलिस्ट में शामिल हो सकते हैं। इसकी कीमत अभी घोषित नहीं की गई है।