एलेक्सा रूटीन के काम करने के लिए अमेजन लाया ईको बटन

अमेजन एलेक्सा और भी स्मार्ट होने जा रहा है। अब आप ईको (ECHO) बटन की मदद से एलेक्सा 'रुटीन' के कई काम कर सकते हैं। दरअसल एलेक्सा रूटीन एक ऐसा फीचर है, जिसकी मदद से पहले से सेट किए गए स्मार्ट होम एक्शन शुरू किए जा सकते हैं। अब यह काम ईको बटन से हो सकेगा। दो ईको बटन के पैक की कीमत 20 डॉलर (लगभग Rs. 1450) रखी गई है। हालांकि भारत में ये अभी उपलब्ध नहीं हैं।
यह पहली बार नहीं है जब ये बटन इस्तेमाल में लाई जाएंगी। मार्केट में आने से पहले ही इन बटनों को एलेक्सा के ट्रिविया गेम्स को खेलने के लिए प्रयोग किया जा रहा है। इन बटनों से पहले से ही सेट रूटीन भी शुरू किया जा सकता है। उसके बाद आपको एलेक्सा को कमांड देने की जरूरत नहीं होगी। इन बटनों को इस्तेमाल करने के लिए आपको फोन के ऐप स्टोर से एलेक्सा ऐप को अपडेट करना होगा।
ईको बटन की मदद से सारे स्मार्ट होम एक्शन शुरू किए जा सकते हैं। इसके लिए इन बटनों को कमांड देनी होगी। उदाहरण के लिए अगर अब आपको लाइट जलाने या तेज़ करने या न्यूज सुनने के लिए एलेक्सा को 'गुड मॉर्निंग एलेक्सा' कहने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए आपको पहले से सेट की गई ईको बटन को दबाना होगा। इन बटन पर टैप करके गाने बजाने और मैसेज भेजने जैसे दूसरे काम भी कर सकते हैं।
ईको बटन को इस्तेमाल करना बेहद आसान है। ईको बटन से बाकी स्मार्ट होम एक्शन के लिए ऐप को अपडेट करना होगा। इसके बाद इसमें 'ईको बटन' को चुनकर उसे उस काम की कमांड दें, जिसके लिए आप उस बटन को सेट करना चाहते हैं। यह कमांड देने के बाद आप उस प्रोसेस को सेट कर सकते हैं। इसके बाद आप एलेक्सा को कमांड देने की बजाय उस बटन के सहारे काम कर सकते हैं।