Page Loader
जियो पे के जरिये पेमेंट कर सकेंगे जियो फोन यूजर्स, चल रही टेस्टिंग

जियो पे के जरिये पेमेंट कर सकेंगे जियो फोन यूजर्स, चल रही टेस्टिंग

Aug 20, 2020
10:35 am

क्या है खबर?

भारत में रिलायंस जियो अपनी पेमेंट ऐप जियो पे की टेस्टिंग कर रही है। हाल में आई रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस 1,000 से अधिक जियो फोन्स में जियो पे की टेस्टिंग कर रही है। कंपनी जल्द ही सभी जियो फोन यूजर्स के लिए यह लाने वाली है। इससे पहले खबर आई थी कि कंपनी ने भारत के 38.8 करोड़ यूजर्स के लिए अपना पेमेंट सिस्टम लाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) के साथ काम किया था।

फीचर

जियो पे में उपलब्ध हैं ये फीचर

BGR के अनुसार, जियो पे अभी टेस्ट के चरण में है। रिपोर्ट के अनुसार कंपनी द्वारा इस फीचर का टेस्ट एक साल से अधिक समय से किया जा रहा था और 15 अगस्त को जियो पे को यूजर्स के उपलब्ध कराया गया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इसमें UPI की तरह ही बैंक ऐड करना, स्कैन करना और पे, VPA के जरिए पेमेंट करना, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री आदि सभी फीचर्स दिए गए हैं।

विवरण

हिस्ट्री देखने का ऑप्शन भी है उपलब्ध

लीक हुई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि जियो पे में टैप और पे, सेंड मनी विद UPI, रिचार्ज सहित और भी कई फीचर्स दिए गए हैं। इसके साथ ही जियो पे मेनू में हिस्ट्री का भी एक ऑप्शन दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि इस ऑप्शन से यूजर्स जियो पे के जरिए अपने द्वारा किए गए लेनदेन की हिस्ट्री आदि को देख सकते हैं। कंपनी ने जियो पे के फीचर्स का सफलतापूर्वक टेस्ट किया है।

बैंक

अभी जोड़े गए ये बैंक

रिपोर्ट के अनुसार जियो पे को जियो फोन यूजर्स के लिए टोकनाइजेशन प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें टैप और पे कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का ऑप्शन मिलता है, जो नियर फील्ड कम्युनिकेशन (NFC) के जरिये किसी भी प्वाइंट ऑफ सेल (POS) मशीन पर काम करता है। बता दें कि जियो ने अभी इससे एक्सिस, ICICI, HDFC, स्टैंडर्ड चार्टर्ड, इंडसइंड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), कोटक, यसबैंक, RBL बैंक को जोड़ा है।

जियो फोन 2

जियो फोन 2 के यूजर्स के लिए नहीं है यह सुविधा

अब तक केवल जियो फोन यूजर्स को ही यह सुविधा मिली है। जियो फोन 2 यूजर्स को अभी तक अपने फोन पर जियो पे की सुविधा नहीं मिली है। इसके साथ ही जियो अपने यूजर्स को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2020 को लाइव स्ट्रीम करने की सुविधा भी देगी। हालांकि, यह सुविधा केवल ऐसे यूजर्स के लिए होगी जिनके पास डिजनी प्लस हॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन होगा। इसके अलावा कोई अन्य यूजर इसका लाभ नहीं उठा पाएंगे।