Page Loader
हिमालय के ऊपर आसमान में दिखी थी रहस्यमयी लाल रोशनी, वैज्ञानिकों ने पता लगाया कारण
हिमालय के ऊपर आसमान में दिखी थी रहस्यमयी लाल रोशनी (तस्वीर: सोशल मीडिया)

हिमालय के ऊपर आसमान में दिखी थी रहस्यमयी लाल रोशनी, वैज्ञानिकों ने पता लगाया कारण

Mar 24, 2025
06:50 pm

क्या है खबर?

हिमालय के ऊपर आसमान में मई, 2022 में एक अनोखी रोशनी देखने को मिली थी। तिब्बत के ऊपर अचानक लाल चमक उठी थी, जिसे देखकर वैज्ञानिक और फोटोग्राफर हैरान रह गए थे। खगोल फोटोग्राफरों ने इस घटना को अपने कैमरे में कैद किया था। खास बात यह थी कि रात के समय 100 से ज्यादा बार लाल चमक आसमान में दिखाई दी थी। अब इस रहस्यमयी रोशनी के पीछे के कारणों का खुलासा हुआ है।

कारण

वैज्ञानिकों ने बताए इस चमक के कारण

चीन के वैज्ञानिकों ने बताया है कि यह चमक तेज बिजली गिरने की वजह से बनी थी। जब बादलों से धरती तक बहुत तेज बिजली गिरती है, तो उसके असर से ऊपरी वायुमंडल में लाल स्प्राइट पैदा होते हैं। वैज्ञानिक सैटेलाइट डाटा और तारों की स्थिति का विश्लेषण कर इस नतीजे पर पहुंचे हैं। यह पहली बार था जब हिमालय में इतनी बड़ी संख्या में लाल स्प्राइट देखे गए थे। वैज्ञानिकों ने इस घटना को 'घोस्ट स्प्राइट' नाम दिया है।

केंद्र

हिमालय भी बन सकता है नई खोजों का केंद्र

पहले लाल स्प्राइट आमतौर पर अमेरिका और यूरोप के आसमान में देखे जाते थे। अब वैज्ञानिकों का मानना है कि हिमालय में भी ये घटनाएं हो सकती हैं। इसका मतलब है कि पर्वतीय तूफान ऊपरी वायुमंडल में बड़ी ऊर्जा पहुंचाते हैं। इस अध्ययन से वायुमंडलीय विज्ञान में नई जानकारियां मिली हैं। अब हिमालय सिर्फ अपनी ऊंचाई और शांति के लिए नहीं, बल्कि आसमान में होने वाले रहस्यमय बदलावों के लिए भी चर्चा में रहेगा।