
मस्क ने मंगल ग्रह को बताया जीवन बीमा, क्या है इसे लेकर उनकी योजना?
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क अपनी अंतरिक्ष मिशन कंपनी स्पेस-X के जरिए मंगल ग्रह पर इंसानों को पहुंचाने की योजना पर काम कर रहे हैं।
अब उन्होंने एक इंटरव्यू में मंगल ग्रह को मानवता के लिए 'जीवन बीमा' बताया है।
फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में मस्क ने कहा कि एक दिन सूर्य पृथ्वी को नष्ट कर देगा, इसलिए इंसानों को किसी और ग्रह पर बसना होगा। सिर्फ मंगल पर जाना नहीं, बल्कि वहां खुद पर टिका एक शहर बनाना जरूरी है।
योजना
धरती से अलग टिकाऊ जीवन की जरूरत
मस्क का मानना है कि अगर मंगल ग्रह पर जीवन धरती की मदद के बिना चल सके, तभी उसे असली जीवन बीमा माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर पृथ्वी से आपूर्ति जहाज किसी कारण से बंद हो जाएं, तब भी मंगल पर जीवन चलता रहे, यही लक्ष्य होना चाहिए। अगर मंगल आत्मनिर्भर नहीं बना, तो यह मिशन अधूरा रहेगा।
मस्क इसे मानव इतिहास की सबसे अहम दिशा में उठाया गया कदम मानते हैं।
सफर
स्टारशिप से मंगल तक का सफर
मस्क की योजना है कि स्पेस-X की नई स्टारशिप रॉकेट के जरिए इंसानों को मंगल तक ले जाया जाए।
स्टारशिप को इस तरह बनाया जा रहा है कि वह भारी सामान और लोगों को एक साथ ले जा सके। मस्क का लक्ष्य है कि हजारों लोग मंगल पर बसें और वहां एक नया शहर बनाया जाए, जो समय के साथ पूरी तरह आत्मनिर्भर हो जाए।
उनके मुताबिक, यही भविष्य में मानव सभ्यता के टिके रहने का सबसे बड़ा रास्ता है।