माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर ऐप में नहीं मिलेगा VPN फीचर, कंपनी 28 फरवरी से कर देगी बंद
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट अपने डिफेंडर ऐप से वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) को हटा रही है।
कंपनी ने बताया कि वह अपने माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर ऐप में दिया जाने वाला VPN फीचर 28 फरवरी से हटा दिया जाएगा।
यह VPN माइक्रोसॉफ्ट 365 पर्सनल और फैमिली प्लान वालों के लिए था और 50GB डाटा तक सुरक्षित ब्राउजिंग की सुविधा देता था।
कंपनी ने कहा कि वह अपनी सेवाओं की समीक्षा के बाद इसे बंद कर रही है और अब दूसरी नई सुविधाओं में निवेश करेगी।
एंड्रॉयड
एंड्रॉयड यूजर्स को खुद हटाना होगा VPN
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया है कि एंड्रॉयड यूजर्स को VPN सेटिंग्स में जाकर खुद हटाना होगा। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो यह उनकी डिवाइस पर दिखता रहेगा।
विंडोज, iOS और मैक OS यूजर्स को कुछ भी करने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि उनके सिस्टम से यह अपने आप हट जाएगा।
कंपनी ने यह भी कहा कि उसकी बाकी सुरक्षा सेवाएं जैसे डिवाइस प्रोटेक्शन और पहचान की चोरी से बचाव वाली सुविधाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी।
सेवा
माइक्रोसॉफ्ट अब नई सेवाओं पर ध्यान देगी
माइक्रोसॉफ्ट ने साफ किया कि अभी सिर्फ यह VPN सेवा बंद की जा रही है और बाकी सेवाएं चलती रहेंगी।
कंपनी का कहना है कि वह सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं पर ध्यान दे रही है, ताकि यूजर्स को और बेहतर सेवाएं मिल सकें। माइक्रोसॉफ्ट उन चीजों में निवेश करेगी जो लोगों की जरूरतों के ज्यादा करीब होंगी।
विंडोज लेटेस्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने सपोर्ट पेज को अपडेट कर दिया है, ताकि यूजर्स को इस बदलाव की पूरी जानकारी रहे।