मेटा के नए AI मॉडल वंडर और वंडर फुल लॉन्च, ChatGPT को मिलेगी टक्कर
क्या है खबर?
टेक कंपनी मेटा ने वंडर और वंडर फुल नाम के 2 नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल पेश किए हैं। कंपनी का दावा है कि ये मॉडल OpenAI के ChatGPT और एंथ्रोपिक के क्लाउड को टक्कर दे सकते हैं। मेटा के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग ने इन्हें कंपनी की AI तकनीक में बड़ा कदम बताया है। नए मॉडल जल्द ही म्यूज नाम के व्यक्तिगत सहायक ऐप पर उपलब्ध होंगे, लेकिन शुरुआत में इनका इस्तेमाल केवल भुगतान करने वाले ग्राहक कर सकेंगे।
दावा
पुराने मॉडल से ज्यादा बेहतर होने का दावा
मेटा के मुताबिक, नए वंडर मॉडल पिछले स्पार्क मॉडल से ज्यादा सक्षम हैं।
कंपनी ने एक स्वतंत्र संस्था के परीक्षण आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इनका प्रदर्शन कुछ प्रमुख कंपनियों के AI मॉडल से बेहतर रहा। मेटा के मुख्य AI अधिकारी एलेक्जेंडर वांग ने भी इन्हें कंपनी का अब तक का सबसे सक्षम मॉडल बताया है।
हालांकि, इन दावों के आधार पर सभी तरह के कामों में दूसरे मॉडल से बेहतर होने की पुष्टि नहीं होती है।
निवेश
AI पर बड़ा निवेश, नए उत्पाद लाने की तैयारी
मेटा AI के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भारी निवेश कर रही है।
कंपनी ने जून, 2025 में स्केल AI में 14 अरब डॉलर लगाए थे और उसके सह-संस्थापक एलेक्जेंडर वांग को अपने साथ जोड़ा था। जुलाई में मेटा ने कहा था कि 2026 में AI से जुड़े निवेश पर उसका खर्च 145 अरब डॉलर (लगभग 14,000 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।
कंपनी ने अगस्त में म्यूज कोड और सितंबर में म्यूज ऐप पेश किया था।
चिंता
AI की सुरक्षा को लेकर भी बढ़ रही चिंता
मेटा नए AI मॉडल तेजी से विकसित करना चाहती है, लेकिन कंपनी सुरक्षा पर भी ध्यान देने की बात कह रही है।
जुकरबर्ग के अनुसार, सुरक्षा संबंधी जांच के कारण म्यूज की शुरुआत में कई महीने की देरी हुई। सितंबर में उन्होंने अन्य तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों के साथ उन्नत AI मॉडल के लिए सुरक्षा उपायों से जुड़े समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
एंथ्रोपिक सहित कुछ कंपनियों के जरूरत पड़ने पर विकास की गति धीमी रखने की बात कही है।