Loading...
मेटा ने लॉन्च किया नया AI मॉडल म्यूज स्पार्क ओपन, चीनी कंपनियों को मिलेगी टक्कर
मेटा ने लॉन्च किया नया AI मॉडल

मेटा ने लॉन्च किया नया AI मॉडल म्यूज स्पार्क ओपन, चीनी कंपनियों को मिलेगी टक्कर

Oct 16, 2026
12:30 pm

क्या है खबर?

मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा ने गुरुवार को म्यूज स्पार्क ओपन नाम का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल चीन की बड़ी तकनीकी कंपनियों के AI मॉडल को टक्कर दे सकता है और कुछ मामलों में उनसे बेहतर प्रदर्शन भी कर सकता है। मेटा के AI प्रमुख एलेक्जेंडर वांग ने इसे अमेरिका का अब तक का सबसे सक्षम ओपन-वेट मॉडल बताया है।

खासियत

डेवलपर्स अपनी जरूरत के हिसाब से बदल सकेंगे मॉडल

म्यूज स्पार्क ओपन एक ओपन-वेट मॉडल है। इसका मतलब है कि डेवलपर्स इसके वेट डाउनलोड करके अपनी जरूरत के मुताबिक बदलाव कर सकते हैं।

मेटा के मुताबिक, यह मॉडल कोडिंग, सॉफ्टवेयर बनाने और मुश्किल तकनीकी कामों में मदद कर सकता है। यह लंबे समय तक चलने वाले कामों और कई चरणों में सोचकर जवाब देने के लिए भी तैयार किया गया है।

कंपनी ने इसमें सुरक्षा के लिए खास उपाय शामिल करने की बात कही है।

अन्य खासियत

ऐपल के मैक स्टूडियो पर भी चल सकेगा AI मॉडल

मेटा ने बताया कि म्यूज स्पार्क ओपन को ऐपल के मैक स्टूडियो कंप्यूटर पर चलाने के लिए भी तैयार किया गया है।

कंपनी के मुताबिक, M5 अल्ट्रा चिप वाले कंप्यूटर पर यह मॉडल काम कर सकता है। हालांकि, इसे चलाने के लिए काफी कंप्यूटिंग क्षमता की जरूरत होगी। मेटा ने कहा कि यूजर दो मैक स्टूडियो कंप्यूटरों को मिलाकर इस मॉडल को चला सकते हैं।

जुकरबर्ग और ऐपल के CEO जॉन टर्नस ने भी इस साझेदारी की तारीफ की।

ADVERTISEMENT

अन्य

OpenAI और एंथ्रोपिक से मुकाबले की तैयारी में मेटा

मेटा का नया मॉडल ऐसे समय आया है, जब कंपनी AI के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

इससे पहले उसने वंडर और वंडर फुल नाम के 2 नए AI मॉडल पेश किए थे। कंपनी का दावा है कि ये मॉडल ChatGPT और क्लॉड के एडवांस्ड वर्जन को टक्कर दे सकते हैं।

मेटा अब OpenAI और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों से मुकाबले के लिए अपने AI मॉडल विकसित कर रही है।

ADVERTISEMENT