व्हाट्सऐप की वेबसाइट पर मिले AI के छिपे निर्देश, कंपनी ने बग बताकर हटाए
क्या है खबर?
मेटा के मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप की वेबसाइट पर AI चैटबॉट के लिए कुछ छिपे हुए निर्देश मिलने का मामला सामने आया है। प्राइवेसी कंपनी रेडैक्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, वेबसाइट के करीब 80 पेज के कोड में ऐसे निर्देश मौजूद थे, जिनमें चैटबॉट को बताया गया था कि किन बातों का जवाब नहीं देना है। इन निर्देशों में कानूनी सलाह न देने और कुछ मामलों में डाटा सुरक्षा कानूनों का जिक्र नहीं करने जैसी बातें शामिल थीं।
निर्देश
अकाउंट डिलीट करने और शिकायतों से जुड़े निर्देश
रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सऐप के अकाउंट डिलीट करने वाले पेज के कोड में भी कुछ निर्देश छिपे थे।
इनमें चैटबॉट को कहा गया था कि वह यूजर्स को डाटा सुरक्षा अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह न दे। शिकायत दर्ज कराने और किसी को ब्लॉक करने से जुड़े पेजों पर भी ऐसे निर्देश मिले।
इनमें कानूनी कार्रवाई, अदालत या वकील का जिक्र होने पर कंपनी की शर्तों और गोपनीयता नियमों का हवाला नहीं देने की बात कही गई थी।
वजह
व्हाट्सऐप ने बग को बताया इसकी वजह
मामला सामने आने के बाद व्हाट्सऐप ने वेबसाइट से ऐसे सभी 102 निर्देशों को हटा दिया।
कंपनी के प्रवक्ता जोशुआ ब्रेकमैन ने कहा कि ये निर्देश एक तकनीकी गड़बड़ी के कारण वेबसाइट पर दिखाई देने लगे थे। उनके मुताबिक, ये निर्देश सीधे यूजर्स के लिए नहीं, बल्कि सपोर्ट चैटबॉट के लिए थे।
इनका मकसद उन लोगों को सही और उपयोगी जवाब देना था, जो व्हाट्सऐप के सहायता विकल्प में AI चैटबॉट से बातचीत करना चुनते हैं।
कानूनी सलाह
कानूनी सलाह देने के बजाय मदद पर ध्यान
व्हाट्सऐप के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी का सपोर्ट चैटबॉट यूजर्स को ऐप से जुड़ी जानकारी देने के लिए बनाया गया है, कानूनी सलाह देने के लिए नहीं।
फिलहाल वेबसाइट पर ये निर्देश दिखाई नहीं दे रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ये कितने समय तक मौजूद रहे।
यह भी पता नहीं चला है कि व्हाट्सऐप के चैटबॉट ने इन निर्देशों का पालन किया था या किसी दूसरे AI सिस्टम ने इन्हें पढ़कर इस्तेमाल किया था।