Loading...
एरिजोना कोर्ट सिस्टम पर बड़ा साइबर हमला, 13 लाख लोगों का डाटा चोरी
एरिजोना कोर्ट सिस्टम पर बड़ा साइबर हमला

एरिजोना कोर्ट सिस्टम पर बड़ा साइबर हमला, 13 लाख लोगों का डाटा चोरी

Oct 07, 2026
01:08 pm

क्या है खबर?

एरिजोना के कोर्ट सिस्टम पर हुए साइबर हमले में 13 लाख से ज्यादा लोगों का डाटा चोरी होने का मामला सामने आया है। यह हमला 24 सितंबर को हुआ था और कोर्ट के तकनीकी कर्मचारियों ने इसकी जानकारी मिलने के बाद इसे रोक दिया। घटना की जांच अभी जारी है और प्रभावित लोगों को इसकी सूचना दी जा रही है। कोर्ट ने कहा है कि इस साइबर हमले से किसी मुकदमे की सुनवाई प्रभावित या देर नहीं हुई है।

हमला

गलत लिंक से शुरू हुआ हमला

अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों ने एक फिशिंग ईमेल के जरिए कोर्ट के सिस्टम तक पहुंच बनाई।

माना जा रहा है कि एक कर्मचारी ने ईमेल में मौजूद गलत लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद हमलावर बैकअप सर्वर तक पहुंच गए। कोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि हमलावरों ने बैकअप में रखी जानकारी कॉपी की है।

तकनीकी टीम ने 24 सितंबर को हमले का पता लगाया और करीब 2 घंटे के भीतर इसे रोक दिया।

डाटा लीक

ये जानकारी हुई चोरी

हमले में करीब 13 लाख लोगों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी कॉपी की गई, जिनके ऊपर पुराने ट्रैफिक और आपराधिक मामलों से जुड़ी फीस, जुर्माना या भुगतान बकाया था।

इसके अलावा, करीब 30,000 सक्रिय और पुराने सुरक्षा आदेशों के रिकॉर्ड भी प्रभावित हुए। हमलावरों ने 2010 से अब तक के फॉस्टर केयर बोर्ड के करीब 1.5 लाख रिकॉर्ड भी कॉपी किए।

इनमें बच्चों, अभिभावकों और मामलों से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी शामिल थी।

ADVERTISEMENT

जांच

जांच जारी, मामलों पर असर नहीं

कोर्ट के अनुसार, अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि चोरी की गई जानकारी का हमले के बाद इस्तेमाल या साझा किया गया हो।

किसी रिकॉर्ड को बदला या हटाया भी नहीं गया। अधिकारियों ने बताया कि जूरी सदस्यों, गवाहों और कोर्ट कर्मचारियों की जानकारी इस हमले में चोरी नहीं हुई।

मामले की जांच FBI के सहयोग से चल रही है और कोर्ट प्रभावित लोगों को जानकारी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।

ADVERTISEMENT