सर्दियों में AC बंद है तो करें ये काम, गर्मियों में नहीं आएगी मरम्मत की नौबत
क्या है खबर?
उत्तर भारत में तापमान गिरने के साथ ज्यादातर घरों में एयर कंडीशनर मार्च या अप्रैल तक बंद रहेंगे। इस दौरान AC की बाहरी यूनिट धूल, धुएं, कोहरे की नमी, पत्तियों और पक्षियों की गंदगी के संपर्क में रहती है। इससे यूनिट को नुकसान पहुंच सकता है और गर्मियों में मरम्मत पर ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। ऐसे में करीब 200 रुपये का आउटडोर यूनिट कवर इस नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है।
#1
धूल और गंदगी से यूनिट को बचाने में मदद
AC की बाहरी यूनिट में कंप्रेसर, पंखा और कंडेंसर कॉइल होते हैं।
सर्दियों में इन पर धूल, स्मॉग के कण और पत्तियां जमा हो सकती हैं। कोहरे की नमी के साथ गंदगी जमने से सफाई करना भी मुश्किल हो जाता है। कवर लगाने से इन चीजों को यूनिट तक पहुंचने से रोकने में मदद मिलती है।
इससे गर्मियों में AC दोबारा चालू करने से पहले सफाई की मेहनत और सर्विस का खर्च कम हो सकता है।
#2
मरम्मत के बड़े खर्च से बचने में मिल सकती है मदद
लंबे समय तक खुली रहने वाली आउटडोर यूनिट में पक्षियों की बीट, पत्तियां और दूसरी गंदगी जमा हो सकती है।
पक्षी यहां घोंसला भी बना सकते हैं, जबकि चूहे तारों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे AC की कार्यक्षमता प्रभावित होने का खतरा रहता है। कंप्रेसर खराब होने पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।
ऐसे में 150 से 300 रुपये के बीच मिलने वाला कवर यूनिट की सुरक्षा का सस्ता उपाय हो सकता है।
#3
कवर खरीदते और लगाते समय रखें इन बातों का ध्यान
AC का कवर खरीदने से पहले आउटडोर यूनिट की लंबाई, ऊंचाई और चौड़ाई नाप ठीक से लें।
ऐसा कवर चुनें जो पानी से बचाव करे, लेकिन हवा आने-जाने की जगह भी दे, ताकि नमी अंदर न फंसे। कवर में बांधने के लिए पट्टियां या डोरी होना भी जरूरी है। ध्यान रखें कि कवर लगाकर AC कभी न चलाएं।
अगर मशीन में हीटिंग की सुविधा है और सर्दियों में इस्तेमाल करना है, तो कवर न लगाएं।