क्लाउड AI टूल में वॉइस मोड का उपयोग कैसे करें?
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक के AI टूल क्लॉड में वॉइस मोड फीचर मौजूद है, जिससे यूजर टाइप करने के बजाय बोलकर सवाल पूछ सकते हैं। यह सुविधा मोबाइल ऐप, डेस्कटॉप ऐप और वेब पर उपलब्ध है। वॉइस मोड में अब हाइकू के अलावा सॉनेट और ओपस जैसे ज्यादा शक्तिशाली मॉडल भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इसके जरिए कनेक्टेड ऐप्स से जानकारी लेकर जवाब भी दिए जा सकते हैं। आइए जानते हैं इसे आसानी से कैसे इस्तेमाल करें और जरूरी सेटिंग कैसे बदलें।
#1
ऐसे शुरू करें क्लाउड का वॉइस मोड
मोबाइल में क्लाउड ऐप खोलें और स्क्रीन के नीचे दाएं हिस्से में दिखाई देने वाले काले 'वेवफॉर्म आइकन' पर टैप करें।
इसके पास मौजूद 'माइक्रोफोन आइकन' को न चुनें। पहली बार इस्तेमाल करने पर ऐप माइक्रोफोन की अनुमति मांग सकता है, जिसे जरूरत के अनुसार स्वीकार करें। इसके बाद सीधे बोलकर अपना सवाल पूछें।
क्लाउड आपकी बात सुनकर जवाब देगा। बातचीत खत्म करने के लिए स्क्रीन पर दिए 'स्टॉप विकल्प' पर टैप करें और वॉइस मोड बंद करें।
#2
मॉडल और जुड़े ऐप्स ऐसे बदलें
क्लाउड वॉइस मोड में नीचे दिए मॉडल पिकर से जवाब देने वाला मॉडल बदला जा सकता है।
हाइकू तेज जवाब के लिए, सॉनेट रोजमर्रा के कामों के लिए और ओपस मुश्किल कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। ओपस केवल पेड अकाउंट में उपलब्ध है। क्लाउड से जुड़े जीमेल, गूगल कैलेंडर या स्लैक जैसे ऐप भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
पहली बार किसी ऐप को जोड़ने पर उसकी अनुमति देनी होगी, फिर आप जानकारी बोलकर मांग सकते हैं।
#3
आवाज, भाषा और बोलने का तरीका बदलें
क्लाउड की आवाज और भाषा बदलने के लिए सेटिंग्स खोलें और ऐप सेक्शन में वॉइस विकल्प चुनें।
यहां उपलब्ध आवाजों का प्रीव्यू सुनकर पसंद की आवाज चुन सकते हैं। बोलने की गति भी स्लो, नॉर्मल या फास्ट में बदली जा सकती है। वॉइस मोड में हिंदी समेत कई भाषाओं का समर्थन मिलता है।
बातचीत के दौरान भाषा बदलनी हो तो पहले बोलकर बताना बेहतर है। क्लाउड में हैंड्स-फ्री और पुश-टू-टॉक विकल्प भी उपलब्ध हैं।