
व्हाट्सऐप के एंड्रॉयड यूजर्स को मिला वॉयस नोट ट्रांसक्रिप्शन फीचर, कैसे करें उपयोग?
क्या है खबर?
मेटा के स्वामित्व वाली व्हाट्सऐप वॉयस नोट ट्रांसक्रिप्शन फीचर पर लंबे समय से काम कर रही थी। अब कंपनी ने इसे अपने सभी एंड्रॉयड यूजर्स के लिए रोल आउट करना शुरू कर दिया है।
यह फीचर विशेष है, क्योंकि यह अन्य भाषाओं के अलावा हिंदी में भी वॉयस नोट को ट्रांसक्राइब कर सकता है। नया फीचर 5 भाषाओं में उपलब्ध है, जिसमें अंग्रेजी, स्पेनिश, पुर्तगाली, रूसी और हिंदी शामिल है।
फीचर
क्या है ट्रांसक्रिप्शन फीचर?
ट्रांसक्रिप्शन फीचर का उपयोग करके यूजर्स किसी वॉइस नोट को टेक्स्ट में बदलकर उसे पढ़ सकेंगे।
इस फीचर के तहत यूजर्स को चैट में प्राप्त वॉयस नोट के ठीक नीचे ट्रांसक्रिप्ट विकल्प दिखाई देगा, जिस पर क्लिक कर वॉयस नोट को टेक्स्ट में बदल सकेंगे।
वॉयस नोट्स ट्रांसक्रिप्शन फीचर iOS यूजर्स के लिए पहले से ही उपलब्ध है, लेकिन कंपनी अब इसे अपने सभी एंड्रॉयड यूजर्स के लिए भी रोल आउट कर रही है।
उपयोग
कैसे करें इस फीचर का उपयोग?
ट्रांसक्रिप्शन फीचर का उपयोग करने के लिए सबसे पहले व्हाट्सऐप को गूगल प्ले स्टोर से अपडेट करें और ऐप ओपन करके सेटिंग्स में जाएं।
इसके बाद चैट पर क्लिक करके फीचर को चालू करने के लिए टॉगल पर टैप करें।
अब वॉयस नोट्स के नीचे एक ट्रांसक्रिप्शन विकल्प मिलेगा, जिस पर आप क्लिक करेंगे, तो यह एक फाइल डाउनलोड करेगा और वॉयस नोट का टेक्स्ट वॉयस नोट के नीचे दिखाई देगा।