हरियाणा ने विदेशों का डाटा होस्ट करने के लिए किया MoU, जानिए और क्या होगा फायदा
क्या है खबर?
हरियाणा सरकार के उद्योग और वाणिज्य विभाग ने अनंत राज क्लाउड सिंगापुर और ऑरेंज बिजनेस सर्विसेज सिंगापुर के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका मकसद क्लाउड और डाटा सेंटर सेवाओं को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने और राज्य में विदेशी डाटा की होस्टिंग को आसान बनाना है। अनंत राज क्लाउड सिंगापुर, कंपनी के क्लाउड प्लेटफॉर्म अशोक क्लाउड की मार्केटिंग करेगी। कंपनी ऐसे विदेशी ग्राहकों को जोड़ने में भी मदद करेगी, जो अपना डाटा हरियाणा में रखना चाहते हैं।
योजना
समझौते के तहत क्या है योजना?
इस समझौते के तहत अनंत राज क्लाउड सिंगापुर हरियाणा को डाटा सेंटर, क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक पसंदीदा वैश्विक हब के तौर पर बढ़ावा देगा।
दूसरी तरफ, ऑरेंज बिजनेस डाटा सेंटर और क्लाउड सेवाओं में टेक्नोलॉजी पार्टनर के तौर पर काम करने की संभावनाएं तलाशेगा।
इसमें AI और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल है। ऑरेंज बिजनेस टेक्नोलॉजी आर्किटेक्चर, क्लाउड और AI हार्डवेयर और तकनीकी विशेषज्ञता दे सकता है।
विस्तार
डाटा सेंटर क्षमता बढ़ाने की तैयारी
अनंत राज हरियाणा में डाटा सेंटर कारोबार तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
कंपनी के ग्रुप की कंपनियां मानेसर, पंचकूला और राय में करीब 307 मेगावॉट (MW) IT लोड की क्षमता विकसित करने की योजना बना रही हैं। यह निवेश चरणों में किया जाएगा।
हालांकि, आगे का निवेश मांग और जरूरी मंजूरियों पर निर्भर करेगा। फिलहाल कंपनी मानेसर और पंचकूला में डाटा सेंटर चला रही है। इन दोनों जगहों पर क्षमता बढ़ाने का काम भी चल रहा है।