Loading...
गूगल 2027 तक चीन से हटाएगी पिक्सल उत्पादन, भारत और वियतनाम बनेंगे नए केंद्र
गूगल 2027 तक चीन से हटाएगी पिक्सल उत्पादन

गूगल 2027 तक चीन से हटाएगी पिक्सल उत्पादन, भारत और वियतनाम बनेंगे नए केंद्र

Aug 18, 2026
05:29 pm

क्या है खबर?

गूगल अगले साल से चीन में अपने पिक्सल स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और वायरलेस ईयरबड बनाना बंद कर सकती है। निक्केई एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 2027 तक पिक्सल का पूरा उत्पादन चीन से बाहर ले जाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए गूगल वियतनाम और भारत में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रहा है। कंपनी हाल के वर्षों में चीन पर निर्भरता घटाने की कोशिश कर रही है। इस फैसले की बड़ी वजह अमेरिका-चीन के बीच बढ़ता तनाव है।

वियतनाम

वियतनाम बना गूगल के लिए अहम केंद्र

गूगल ने इस साल वियतनाम में हाई-एंड पिक्सल स्मार्टफोन का उत्पादन सफलतापूर्वक किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, स्मार्टफोन बनाना स्मार्टवॉच और ईयरबड की तुलना में ज्यादा मुश्किल होता है। वियतनाम में मिली सफलता से कंपनी को चीन से उत्पादन बाहर ले जाने का भरोसा मिला है।

अगर योजना पूरी होती है, तो गूगल, सैमसंग के बाद दूसरी बड़ी स्मार्टफोन ब्रांड बन सकती है, जो पूरा फोन उत्पादन चीन से बाहर कर देगी। भारत भी इस बदलाव में अहम भूमिका निभाएगा।

बिक्री

पिक्सल की बिक्री बढ़ाने पर भी जोर

गूगल उत्पादन बदलने के साथ पिक्सल की बिक्री बढ़ाने पर भी ध्यान दे रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी को उम्मीद है कि इस साल पिक्सल की बिक्री पिछले साल के करीब 1.2 करोड़ यूनिट से 8 से 10 प्रतिशत बढ़ेगी। गूगल अपने स्मार्टफोन को जेमिनी एआई सेवाओं तक ज्यादा लोगों की पहुंच बनाने का अहम जरिया मानता है।

इसलिए मेमोरी चिप और दूसरे कंपोनेंट महंगे होने के बावजूद कंपनी पिक्सल की बिक्री बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

ADVERTISEMENT

चुनौती

मेमोरी चिप की कीमत बनी चुनौती

स्मार्टफोन कंपनियों के लिए मेमोरी चिप की बढ़ती कीमत बड़ी चुनौती बनी हुई है।

गूगल ने माइक्रोन, सैमसंग और एसके हाइनिक्स जैसी कंपनियों से बातचीत में अपने क्लाउड कारोबार और स्मार्टफोन के चिप ऑर्डर को साथ रखने की कोशिश की है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ऐपल के आईफोन महंगे होने पर गूगल को अमेरिका, जापान और यूरोप में फायदा मिल सकता है। वहीं शाओमी, ओप्पो और वीवो ने बढ़ती कंपोनेंट लागत के कारण अपने शिपमेंट अनुमान घटाए हैं।

ADVERTISEMENT