Page Loader
15 अक्तूबर को स्पेशल इवेंट में लॉन्च होंगे गूगल पिक्सल 4 स्मार्टफोन, जानिये क्या होगा खास

15 अक्तूबर को स्पेशल इवेंट में लॉन्च होंगे गूगल पिक्सल 4 स्मार्टफोन, जानिये क्या होगा खास

Sep 17, 2019
08:10 pm

क्या है खबर?

गूगल के डिवाइस के शौकीन लोगों के लिए बड़ी खबर है। गूगल ने ऐलान किया है कि वह 15 अक्तूबर को न्यूयॉर्क में एक स्पेशल इवेंट करने जा रही है। इस इवेंट में कंपनी अपनी नई पिक्सल 4 रेंज को लॉन्च करेगी। माना जा रहा है कि गूगल इस इवेंट में पिक्सल 4 और पिक्सल 4 XL के साथ पिक्सलबुक 2 और गूगल होम स्मार्ट स्पीकर्स को भी लॉन्च करेगी। आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।

फिनिशिंग

डुअल-टोन फिनिश में नहीं मिलेगा गूगल पिक्सल 4

गूगल पिक्सल को लेकर कई लीक्स सामने आ चुके हैं। खुद गूगल ने जून में इस डिवाइस का प्रीव्यू पेश किया था। इसकी कई यूनिट पहले ही कई बाजारों में भेजी जा चुकी है। माना जा रहा है कि इस बार डिवाइस में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसके रियर में डुअल-टोन फिनिश नहीं दी जाएगी। इसकी जगह यह व्हाइट फिनिश, ब्लैक फिनिश समेत तीन कलर ऑप्शन में लॉन्च हो सकता है। इसमें डुअल-कैमरा सेटअप दिया जाएगा।

जानकारी

15 अक्तूबर को शाम 07:30 बजे शुरू होगी इवेंट

गूगल के इस इवेंट पर तकनीकी विशेषज्ञों की नजरें टिकी हुई हैं। यह इवेंट 15 अक्तूबर को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। YouTube पर इवेंट के लिए लाइव स्ट्रीम लिंक जल्द ही लाइव कर दिया जायेगा।

फीचर्स

ये होंगे पिक्सल 4 सीरीज के खास फीचर्स

गूगल ने जून में इसका टीजर पेश किया था। इसका फेस आईडी अनलॉक फीचर अब तक का सबसे बेहतरीन और सुरक्षित होगा। इसके अलावा इसमें सोली (Soli) राडार लगा होगा, जिसकी मदद से यूजर स्क्रीन को टच किए बिना दूर से हाथ के इशारे से इसे कमांड दे सकते हैं। इसमें पहले से ज्यादा बेहतर और तेज असिस्टेंट, एस्ट्रोफोटोग्राफी की कैपेबिलिटी वाला बेहतर कैमरा लगा होगा। मूविंग ऑब्जेक्ट की फोटो लेने के लिए इसमें मोशन फोकस मोड मिलेगा।

फीचर्स

पिक्सल 4 में मिलेगा एंड्रॉयड 10 अपडेट

कुछ दूसरी रिपोर्ट्स से पता चला है कि पिक्सल 4 में क्वालकॉम स्नेपड्रैगन 855 प्रोसेसर, 6GB रैम और AMOLED डिस्प्ले होगी। पिक्सल 4 में 5.7 इंच और 4XL में 6.3 इंच की स्क्रीन होगी। बैटरी की बात करे तो पिक्सल 4 में 2,800mAh और 4XL में 3,700mAh की बैटरी मिलेगी। दोनों फोन एंड्रॉयड 10 अपडेट और दूसरे कई एक्सक्लूसिव सॉफ्टवेयर फीचर के साथ आ सकते हैं।