भारत में पहला ऑफिस खोलने की तैयारी में गिटलैब, बेंगलुरु पर नजर
क्या है खबर?
गिटलैब भारत में पहला ऑफिस खोलने की तैयारी कर रही है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के CEO बिल स्टेपल्स ने कहा है कि इसके लिए बेंगलुरु पर विचार किया जा रहा है। यह कदम भारत में कंपनी की मौजूदगी बढ़ाने की योजना का हिस्सा है। गिटलैब अब तक पूरी तरह दूर से काम करने वाली कंपनी के रूप में जानी जाती रही है। भारत में ऑफिस खुलने से यहां उसके कारोबार और कर्मचारियों की संख्या बढ़ सकती है।
संख्या
भारत में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएगी कंपनी
गिटलैब के CEO ने बताया कि भारत कंपनी के सबसे अहम बाजारों में शामिल है।
यहां इंजीनियरों की बड़ी संख्या और बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी अपनी टीम का विस्तार करना चाहती है। इसके लिए इंजीनियरिंग, बिक्री और मार्केटिंग से जुड़े पदों पर भर्ती बढ़ाई जाएगी।
हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि आने वाले वर्षों में कितने नए कर्मचारियों को नौकरी दी जाएगी। फिलहाल गिटलैब बेंगलुरु सहित देश में अलग-अलग पदों के लिए भर्ती कर रही है।
कारोबार
दूसरे देशों में कारोबार घटा रही है गिटलैब
भारत में विस्तार की तैयारी के बीच गिटलैब ने दूसरे बाजारों में अपनी मौजूदगी कम करने का फैसला भी किया है।
कंपनी ने जून में 22 देशों से कारोबार समेटने की योजना बताई थी। इससे उसका भौगोलिक दायरा करीब 37 प्रतिशत घटने की बात कही गई थी। इसी पुनर्गठन के तहत कंपनी ने 350 नौकरियां भी कम कीं, जो उसके कुल कर्मचारियों का लगभग 14 प्रतिशत थीं।
कंपनी के CEO के अनुसार, इन देशों में ग्राहक और कारोबार सीमित थे।
टूल्स
AI टूल्स पर बढ़ रहा कंपनी का जोर
गिटलैब ऐसे तकनीकी उपकरण बनाती है जो सॉफ्टवेयर तैयार करने, उसकी सुरक्षा जांचने और उसे चलाने में मदद करते हैं।
कंपनी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से कोड बनाने वाले टूल्स पर भी ध्यान बढ़ा रही है। इसके लिए वह ऐसे सिस्टम विकसित कर रही है जो AI तैयार कोड की जांच और सुरक्षा में मदद करें।
कंपनी के अनुसार, उसके प्लेटफॉर्म पर दुनियाभर में करीब 7 करोड़ पंजीकृत डेवलपर और 10,000 से ज्यादा बड़े कारोबारी ग्राहक हैं।