AI के बढ़ते खतरों पर बिल गेट्स की चिंता, बोले- दुनिया को सुरक्षा नियमों की जरूरत
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर सख्त नियम बनाने की जरूरत बताई है। उनका कहना है कि AI को भी हवाई जहाज, कारों और दवाओं की तरह नियमों के दायरे में लाना चाहिए, ताकि इसके संभावित खतरों को कम किया जा सके। गेट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सुरक्षा नियम AI की क्षमता का लाभ उठाने और इसके गलत इस्तेमाल को रोकने में मदद कर सकते हैं।
गंभीरता
AI के खतरों पर गंभीरता से सोचने का समय
गेट्स ने माना कि केवल नियम बनाने से AI से जुड़े खतरे खत्म नहीं होंगे, लेकिन इससे इसके गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि दुनिया अभी जरूरी सुरक्षा व्यवस्था के स्तर तक नहीं पहुंची है और इस दिशा में अधिक ध्यान देने की जरूरत है।
हालांकि, गेट्स ने AI से पूरी मानवता के खत्म होने जैसी आशंकाओं को कुछ बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया बताया। इसके बावजूद उन्होंने गंभीर खतरों से इनकार नहीं किया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Just as we regulate planes, cars, and medicines, we need safeguards that help us realize AI's incredible potential while reducing the risks. They won’t eliminate every harm, but they can help prevent misuse by bad actors. We’re not where we need to be yet—and this deserves much… https://t.co/SubCPPgSCp
— Bill Gates (@BillGates) October 11, 2026
उदाहरण
माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ने दूध और वॉशिंग मशीन का दिया उदाहरण
BBC की रिपोर्ट के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने भी AI के लिए सख्त नियमों की जरूरत बताई है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल वॉशिंग मशीन और दूध जैसे रोजमर्रा के उत्पादों पर AI से ज्यादा सुरक्षा नियम लागू हैं। स्मिथ के मुताबिक, AI का इस्तेमाल अच्छे कामों के साथ नुकसान पहुंचाने के लिए भी हो सकता है।
उनका मानना है कि इसलिए दुनियाभर में इसके लिए जल्द नियम बनाने की जरूरत है।
मतभेद
AI सुरक्षा पर टेक कंपनियों के बीच मतभेद
AI की सुरक्षा को लेकर टेक कंपनियों के बीच बहस तेज हो रही है।
माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने भी चेताया है कि शक्तिशाली AI मॉडल पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए और नियंत्रण में रखना जरूरी है।
OpenAI और एंथ्रोपिक नियमों की जरूरत पर जोर दे रही हैं, जबकि मेटा और एनवीडिया जैसी कंपनियों का रुख अलग रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी नियमों से चीन को फायदा मिलने की आशंका जताई है।