ऐपल ला रही है अपना पहला टचस्क्रीन मैकबुक प्रो, जानिए कब होगा लॉन्च
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी ऐपल अगले महीने अपना पहला टचस्क्रीन मैकबुक प्रो लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर को ऐपल के नए डिजाइन वाले लैपटॉप बाजार में उपलब्ध हो सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ऐपल अपने रिटेल स्टोर में भी बदलाव करने की योजना बना रही है। नए लैपटॉप के साथ कंपनी मैकबुक के इस्तेमाल का तरीका बदल सकती है।
डिस्प्ले
OLED डिस्प्ले और डायनामिक आइलैंड
नए मैकबुक प्रो में टैंडम OLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है।
इस तकनीक में OLED की कई परतों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे स्क्रीन की चमक, रंग और तस्वीरों की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है। इसके अलावा, लैपटॉप में डायनामिक आइलैंड भी दिया जा सकता है, जो आईफोन के मुकाबले छोटा होगा।
हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें फेस ID मिलने की संभावना नहीं है। कंपनी स्क्रीन और लैपटॉप के डिजाइन में भी बदलाव कर सकती है।
मैकOS
टच स्क्रीन के हिसाब से बदलेगा मैकOS
ऐपल अपने ऑपरेटिंग सिस्टम मैकOS में भी बदलाव कर सकती है, ताकि टच स्क्रीन का इस्तेमाल आसान हो सके।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्क्रीन पर उंगली से छूने पर कुछ कंट्रोल बड़े हो सकते हैं और मेनू भी आसानी से इस्तेमाल किए जा सकेंगे। उंगली के आसपास विकल्प दिखाने जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
इन बदलावों का मकसद टच स्क्रीन को बेहतर बनाना है। हालांकि, कीबोर्ड और ट्रैकपैड से लैपटॉप चलाने की सुविधा पहले की तरह बनी रह सकती है।
प्रोसेसर
M5 प्रो और M5 मैक्स चिप मिलने की उम्मीद
नए मैकबुक प्रो में ऐपल के M5 प्रो और M5 मैक्स प्रोसेसर दिए जा सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी M7 चिप वाले मॉडल को भविष्य के लिए रख सकती है, जो 2027 में आ सकता है। नए लैपटॉप का डिजाइन पहले से पतला और वजन कम होने की भी उम्मीद है।
हालांकि, ऐपल ने अभी लॉन्च की तारीख, कीमत और फीचर्स की जानकारी नहीं दी है। ऐसे में इन जानकारियों में आधिकारिक घोषणा तक बदलाव संभव है।