ऐपल का अगला स्मार्ट होम डिवाइस करेगा रोबोट की तरह काम, जानें क्या होगी खासियत
क्या है खबर?
ऐपल एक नया स्मार्ट होम डिवाइस तैयार कर रही है, जो रोबोट की तरह काम करेगा। ब्लूमबर्ग के पत्रकार मार्क गुरमन की रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें बड़ी स्क्रीन होगी, जो एक मोटर से चलने वाली बांह पर लगी होगी। यह डिवाइस कमरे में मौजूद लोगों की आवाज पहचानकर उनकी तरफ घूम सकेगा। कंपनी इस तकनीक के जरिए घर में वीडियो कॉल और दूसरी सुविधाओं का इस्तेमाल आसान बनाना चाहती है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
खासियत
आवाज सुनकर अपनी तरफ घुमा सकेगी स्क्रीन
इस डिवाइस का अंदरूनी कोडनेम J595 बताया गया है।
इसमें करीब 9 इंच की स्क्रीन मिलने की उम्मीद है, जबकि मौजूदा होमव्यू स्मार्ट डिस्प्ले में 7 इंच की स्थिर स्क्रीन है। नई स्क्रीन रोबोटिक बांह पर लगी होगी और 360 डिग्री तक घूम सकेगी।
यह कमरे में बोलने वाले व्यक्ति की दिशा पहचानकर खुद को उसकी तरफ कर सकती है। इससे वीडियो कॉल के दौरान कमरे में घूमने पर भी व्यक्ति स्क्रीन के सामने बना रह सकेगा।
तैयारी
स्मार्ट होम के काम आसान करने की तैयारी
ऐपल का यह डिवाइस घर में स्मार्ट सुविधाओं को बेहतर बनाने की कोशिश का हिस्सा है।
इसकी मदद से लोग वीडियो कॉल करने और दूसरे कामों के लिए स्क्रीन का इस्तेमाल कर सकेंगे। आवाज पहचानने वाली तकनीक डिवाइस को बोलने वाले व्यक्ति की दिशा समझने में मदद करेगी।
कंपनी इसे स्मार्ट डिस्प्ले से ज्यादा उन्नत मॉडल के तौर पर पेश कर सकती है। हालांकि, इसके सभी फीचर्स और काम करने के तरीके की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
लॉन्च
कब तक लॉन्च हो सकता है डिवाइस?
रिपोर्ट के मुताबिक, ऐपल इस रोबोटिक डिवाइस को 2027 या 2028 में बाजार में उतार सकता है। इस डिवाइस की कीमत करीब 1,000 डॉलर (लगभग 95,000 रुपये) हो सकती है।
हालांकि, कंपनी ने कीमत और लॉन्च की तारीख की पुष्टि नहीं की है। इसके नाम को लेकर होमव्यू प्रो, होमव्यू मैक्स और होमव्यू 360 जैसे विकल्पों पर चर्चा है। डिवाइस को प्रीमियम श्रेणी में पेश किए जाने की उम्मीद है।