ऐपल ने लॉन्च किया होम कलेक्शन, स्मार्ट होम के लिए आए 6 नए डिवाइस
क्या है खबर?
ऐपल ने LG इलेक्ट्रॉनिक्स और श्नाइडर इलेक्ट्रिक के साथ मिलकर ऐपल होम कलेक्शन पेश किया है। इस नई रेंज में स्मार्ट सिक्योरिटी कैमरे, वीडियो डोरबेल, स्मार्ट डोर लॉक और दो थर्मोस्टेट शामिल हैं। कंपनी ने इन्हें न्यूयॉर्क में आयोजित अपने 'वेलकम होम' कार्यक्रम में पेश किया। इस कलेक्शन के जरिए ऐपल स्मार्ट होम बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है। इसके सभी डिवाइस ऐपल होम ऐप के साथ काम करते हैं।
डिजाइन
सभी डिवाइस में मिलेगा एक जैसा डिजाइन
ऐपल होम कलेक्शन के सभी डिवाइस को साधारण और साफ डिजाइन के साथ तैयार किया गया है।
इनमें काले और सिल्वर रंग के विकल्प मिलते हैं, जबकि कुछ डिवाइस में सफेद रंग भी दिया गया है। इनका उद्देश्य घर की सजावट के साथ आसानी से मेल खाना है। सभी डिवाइस को ऐपल होम ऐप से नियंत्रित किया जा सकता है।
इससे इन्हें इस्तेमाल करने के लिए अलग-अलग कंपनियों के ऐप या अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं पड़ती।
खासियत
कैमरे, डोरबेल और स्मार्ट लॉक की खासियत
इस कलेक्शन के स्मार्ट डोर लॉक में ऐपल होम की और अल्ट्रा वाइडबैंड तकनीक का सपोर्ट मिलता है, जिससे फोन के जरिए बिना हाथ लगाए दरवाजा खोला जा सकता है।
वीडियो डोरबेल में दो कैमरे दिए गए हैं, जो सामने आने वाले व्यक्ति और नीचे रखे पैकेज को दिखाते हैं। इनडोर कैमरा अपने आप ऊपर-नीचे घूम सकता है।
आउटडोर कैमरे के एक मॉडल में फ्लडलाइट भी है। कैमरे 2.5K तक के रिजॉल्यूशन में वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।
कीमत
सभी डिवाइस की कीमत और उपलब्धता
ऐपल होम कलेक्शन में स्मार्ट लॉक की कीमत 349 डॉलर और वीडियो डोरबेल की कीमत 249 डॉलर रखी गई है।
इनडोर कैमरा 199 डॉलर में मिलेगा, जबकि आउटडोर कैमरे के बिना लाइट वाले मॉडल की कीमत 299 डॉलर और फ्लडलाइट वाले मॉडल की कीमत 399 डॉलर है। दोनों स्मार्ट थर्मोस्टेट की कीमत 199 डॉलर रखी गई है। थर्मोस्टेट को LG और श्नाइडर इलेक्ट्रिक ने बनाया है।
भारत में इन डिवाइस की कीमत और उपलब्धता की जानकारी अभी नहीं है।