ऐपल इंटेलिजेंस ले रहा है 12GB तक स्टोरेज, नया टूल करेगा जगह खाली
क्या है खबर?
ऐपल के मैक यूजर्स के लिए ऐपल इंटेलिजेंस को बंद करने का तरीका सामने आया है। रिमूव मैक AI नाम का ओपन-सोर्स टूल ऐपल के AI फीचर्स को बंद कर सकता है और मैक में मौजूद AI मॉडल्स को हटा सकता है। यह टूल सिस्टम को इन मॉडल्स को दोबारा डाउनलोड करने से भी रोकता है। यह उन यूजर्स के लिए उपयोगी है, जो AI फीचर्स इस्तेमाल नहीं करते और मैक में स्टोरेज खाली रखना चाहते हैं।
जगह
12GB तक जगह ले सकते हैं AI मॉडल
मैक रूमर्स के मुताबिक, मैकOS 27 में ऐपल इंटेलिजेंस को एक साथ बंद करने वाला पुराना टॉगल मौजूद नहीं है।
अब यूजर्स को कई AI फीचर्स अलग-अलग बंद करने पड़ते हैं। इसके बावजूद ऐपल के फाउंडेशन मॉडल्स मैक में स्टोर रह सकते हैं और करीब 12GB तक जगह ले सकते हैं।
ऐपल इंटेलिजेंस के कई फीचर्स कुछ काम सीधे मैक पर करते हैं, इसलिए उनके लिए जरूरी मॉडल्स पहले से डिवाइस में डाउनलोड होकर रहते हैं।
इस्तेमाल
किन फीचर्स में इस्तेमाल होते हैं AI मॉडल?
ऐपल इंटेलिजेंस के मॉडल्स मैक में इसलिए रखे जाते हैं, क्योंकि इसके कई फीचर्स पूरी तरह इंटरनेट या क्लाउड पर निर्भर नहीं हैं।
राइटिंग टूल्स, जेनमोजी, इमेज प्लेग्राउंड और सिरी के कुछ हिस्से लोकल मॉडल्स का इस्तेमाल करते हैं। 256GB स्टोरेज वाले मैक यूजर्स के लिए 12GB जगह काफी मायने रख सकती है, खासकर तब जब वे इन फीचर्स का इस्तेमाल नहीं करते हों।
रिमूव मैक AI इन मॉडल्स को हटाने का आसान तरीका देता है।
जोखिम
टूल इस्तेमाल करने से पहले समझें जोखिम
रिमूव मैक AI कोई आधिकारिक ऐपल टूल नहीं है और भविष्य के मैकOS अपडेट में इसका काम बदल सकता है।
डेवलपर के मुताबिक, यह बिना सिस्टम इंटीग्रिटी प्रोटेक्शन बंद किए मॉडल्स हटाता है, जबकि डिक्टेशन काम करता रहता है। जरूरत पड़ने पर रिमूव मैक AI रिवर्ट कमांड से बदलाव वापस किए जा सकते हैं।
हालांकि, टूल इस्तेमाल करने के बाद ऐपल इंटेलिजेंस के फीचर्स उपलब्ध नहीं रहेंगे। इसलिए इसे इस्तेमाल करने से पहले फायदे और नुकसान समझना जरूरी है।