ऐपल और LG मिलकर बनाएंगी स्मार्ट होम डिवाइस, डोरबेल और स्मार्ट लॉक होंगे लॉन्च
क्या है खबर?
ऐपल स्मार्ट होम कारोबार बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी दक्षिण कोरिया की LG के साथ मिलकर घर में इस्तेमाल होने वाले कई स्मार्ट उपकरण तैयार कर रही है। इनमें वीडियो डोरबेल, सुरक्षा कैमरे, स्मार्ट लॉक, थर्मोस्टेट और तापमान सेंसर शामिल हैं। इन उपकरणों को ऐपल के आने वाले स्मार्ट होम हब के साथ काम करने के लिए तैयार किया जाएगा। इससे ऐपल का घरेलू तकनीक वाला इकोसिस्टम मजबूत हो सकता है।
नाम
डिवाइस पर रहेगा LG का नाम
ऐपल और LG मिलकर इन उत्पादों के विकास पर काम करेंगी, लेकिन इन्हें LG अपने ब्रांड नाम से बाजार में उतारेगी।
निर्माण और ग्राहकों को उत्पाद से जुड़ी मदद देने की जिम्मेदारी भी LG की होगी। ऐपल डिजाइन और तकनीकी सुविधाओं को तैयार करने में योगदान दे सकती है।
प्रस्तावित उपकरण वाई-फाई, ब्लूटूथ, थ्रेड और मैटर जैसे मानकों का समर्थन कर सकते हैं। स्मार्ट लॉक में UWB तकनीक मिलने की संभावना है, जिससे पास आते ही दरवाजा खुल सकेगा।
सेटअप
ऐपल का नया होम सेटअप तैयार
ऐपल अपने स्मार्ट होम के लिए कई नए उपकरण भी तैयार कर रही है।
इनमें एक नया होम हब, अपडेटेड होमपॉड मिनी और नया टीवी सेट-टॉप बॉक्स शामिल होने की खबर है। ये सभी उपकरण ऐपल खुद डिजाइन करेगा और LG के नए उत्पाद इनके साथ मिलकर काम करेंगे।
कंपनी का यह कदम होमकिट को दोबारा मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है। ऐपल का स्मार्ट होम प्लेटफॉर्म 2014 में शुरू हुआ था, लेकिन इसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
अन्य
LG को भी मिलेगा बड़ा मौका
ऐपल के नए घरेलू उपकरण 13 अक्टूबर को सामने आने की उम्मीद है, जबकि LG की एक्सेसरीज इसके कुछ महीने बाद आएंगे।
दोनों कंपनियां पहले से कई क्षेत्रों में साथ काम करती रही हैं। LG, ऐपल के कुछ उत्पादों के लिए डिस्प्ले भी उपलब्ध कराता है। नई साझेदारी से LG को स्मार्ट होम बाजार में विस्तार का मौका मिलेगा।
कंपनी के लिए यह कई नए उत्पादों की वापसी भी होगी, जिसमें लंबे समय बाद नया इनडोर कैमरा शामिल है।