एंथ्रोपिक ने बदले सब्सक्रिप्शन नियम, अब थर्ड पार्टी टूल्स पर लगेगा अतिरिक्त शुल्क
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने सब्सक्रिप्शन नियम में बड़ा बदलाव किया है। अब क्लाउड प्लेटफॉर्म क्लाउड पर थर्ड पार्टी टूल्स का इस्तेमाल मुफ्त नहीं होगा। 4 अप्रैल, 2026 से यूजर्स को ऐसे टूल्स चलाने के लिए अलग से पैसे देने होंगे। कंपनी के अधिकारी बोरिस चेर्नी ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है और इसे जरूरी कदम बताया है।
अतिरिक्त शुल्क
ओपनक्लॉ जैसे टूल्स के लिए देना होगा अतिरिक्त शुल्क
ओपन क्लॉ एक ओपन सोर्स AI प्लेटफॉर्म है, जो यूजर्स को अपने काम खुद करने वाले एजेंट बनाने की सुविधा देता है। पहले इसे क्लाउड के साथ आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता था, लेकिन अब इसके लिए अलग से चार्ज देना होगा। कंपनी का कहना है कि बढ़ती डिमांड और कंप्यूटिंग लिमिट की वजह से यह बदलाव जरूरी था, ताकि सभी यूजर्स को बेहतर और लगातार सेवा मिल सके।
नाराजगी
यूजर्स और क्रिएटर्स ने जताई नाराजगी
इस फैसले के बाद कई यूजर्स और डेवलपर्स ने नाराजगी जताई है। ओपनक्लॉ के क्रिएटर पीटर स्टाइनबर्गर ने भी कहा कि उन्होंने इस फैसले को टालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे गलत कदम बताया और कहा कि इससे यूजर्स पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता पर भी असर पड़ सकता है, जिससे आने वाले समय में यूजर बेस घटने की भी आशंका जताई जा रही है।
रिफंड
कंपनी ने दी सफाई और रिफंड का भरोसा
एंथ्रोपिक ने साफ किया कि यूजर्स अभी भी थर्ड पार्टी टूल्स इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए अलग बिल देना होगा। कंपनी ने यह भी कहा कि जिन यूजर्स पर असर पड़ा है, उन्हें रिफंड दिया जाएगा और नए प्लान में कुछ छूट भी दी जाएगी। कंपनी का दावा है कि यह कदम सेवा को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है, ताकि बढ़ती मांग को सही तरीके से संभाला जा सके और सिस्टम पर दबाव कम हो।