गूगल I/O 2026 में पेश हुए AI टूल्स से बदल सकती हैं ये नौकरियां
क्या है खबर?
गूगल ने 19 और 20 मई को हुए गूगल I/O 2026 इवेंट में अकई AI टूल्स पेश किया। इसे पिछले 25 सालों का सबसे बड़ा बदलाव बताया गया है। इवेंट में नए AI एजेंट्स दिखाए गए, जो जवाब देने के साथ खुद काम भी पूरा कर सकेंगे। कंपनी ने सर्च, कोडिंग, शॉपिंग और ऑफिस टूल्स में AI को और गहराई से जोड़ने की योजना दिखाई। इन बदलावों का असर आने वाले समय में कई डिजिटल नौकरियों पर पड़ सकता है।
#1
सर्च और SEO कामों पर दिख सकता है असर
गूगल का नया AI सर्च सिस्टम टेक्स्ट, फोटो, वीडियो और फाइल को एक साथ समझ सकता है। यह यूजर्स को सीधे जवाब देने का काम करेगा। इससे SEO, वेबसाइट ट्रैफिक और ऑनलाइन कंटेंट से जुड़े कामों पर असर पड़ सकता है। कई लोगों का मानना है कि जब AI सीधे जवाब देगा, तो लोग वेबसाइट पर कम जाएंगे। इससे वेबसाइट चलाने वाले, ऑनलाइन लेख लिखने वाले और सर्च ऑप्टिमाइजेशन का काम करने वाले लोगों के काम का तरीका बदल जाएगा।
#2
कोडिंग और ऑफिस के कई छोटे काम करेगा AI
गूगल ने जेमिनी 3.5 फ्लैश जैसे AI टूल्स दिखाए, जो कोड लिखने और कई डिजिटल काम खुद कर सकते हैं। इससे बेसिक कोडिंग, डिबगिंग और छोटे डेवलपमेंट कामों पर असर पड़ेगा। इसके अलावा, AI टूल रिमाइंडर सेट करने, मीटिंग संभालने और ऑफिस के छोटे काम भी कर सकेंगे। इससे एडमिन स्टाफ, बैक-ऑफिस और शेड्यूल संभालने वाले कुछ कामों में इंसानों की जरूरत कम हो सकती है। आने वाले समय में ऑफिस का काम पहले से ज्यादा ऑटोमेट हो सकता है।
#3
रिसर्च और कस्टमर सपोर्ट में बढ़ेगा AI का इस्तेमाल
गूगल ने ऐसे AI एजेंट्स भी दिखाए जो किसी विषय की जानकारी खुद ढूंढकर लगातार अपडेट दे सकते हैं। इससे रिसर्च और डाटा देखने वाले कामों पर असर पड़ सकता है। कंपनी ने AI चैट और वॉइस सिस्टम भी दिखाए, जो कस्टमर सपोर्ट में इस्तेमाल होंगे। इससे कॉल सेंटर और ऑनलाइन हेल्प से जुड़े काम बदल सकते हैं। बैंकिंग, टेलीकॉम और ई-कॉमर्स कंपनियां तेजी से AI अपना रही हैं, जिससे कई सपोर्ट रोल्स में बदलाव संभव माना जा रहा है।
#4
शॉपिंग और कंटेंट बनाने के काम भी बदल सकते हैं
गूगल ने AI शॉपिंग सिस्टम भी दिखाया, जो अलग-अलग वेबसाइट पर कीमत और ऑफर खुद देख सकता है। इससे ऑनलाइन शॉपिंग से जुड़े कई काम आसान हो सकते हैं। इसके अलावा जेमिनी ओमनी जैसे AI टूल वीडियो, फोटो और टेक्स्ट कंटेंट भी बना सकते हैं। इससे कंटेंट लिखने, बेसिक डिजाइन और डिजिटल क्रिएटिव कामों में AI का इस्तेमाल बढ़ सकता है। आने वाले समय में कई बार-बार होने वाले ऑनलाइन काम AI खुद संभाल सकता है।