Loading...
चीन में मच्छरों से बचाव के लिए बना AI उपकरण, कैसे करता है काम?
चीन में मच्छरों से बचाव के लिए AI का इस्तेमाल

चीन में मच्छरों से बचाव के लिए बना AI उपकरण, कैसे करता है काम?

Aug 19, 2026
12:39 pm

क्या है खबर?

चीन में मच्छरों से बचाव के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। जिआंग्सू प्रांत की कंपनी फोटॉन मैट्रिक्स लैब ने एक छोटा लेजर आधारित उपकरण तैयार किया है, जो उड़ते हुए मच्छरों की पहचान करके उन्हें खत्म करने का दावा करता है। कंपनी के अनुसार, यह उपकरण करीब छह मीटर का मच्छर-मुक्त क्षेत्र बना सकता है। इसे घरों, होटलों और बाहर खुले स्थानों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

काम

कैसे काम करता है यह उपकरण?

कंपनी के मुताबिक, उपकरण आसपास उड़ रहे मच्छरों को पहचानने के लिए AI का इस्तेमाल करता है।

सिस्टम मच्छर की उड़ान और उसकी दिशा का पता लगाने के बाद लेजर की मदद से उसे निशाना बनाता है। इस प्रक्रिया में किसी रासायनिक दवा या कीटनाशक का इस्तेमाल नहीं किया जाता।

उपकरण छोटा और साथ ले जाने योग्य बनाया गया है। हालांकि, यह दूसरे कीड़ों को कितनी सही तरह पहचानता है और लेजर कितना सुरक्षित है, इसकी जांच अभी जरूरी है।

बीमारियां

मच्छरों से फैलती हैं कई गंभीर बीमारियां

मच्छर दुनिया के कई हिस्सों में बड़ी परेशानी बने हुए हैं। इनके कारण मलेरिया, डेंगू, पीला बुखार, जीका और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां फैलती हैं।

इससे कई देश मच्छरों की संख्या कम करने के लिए नए और पुराने दोनों तरीकों पर काम कर रहे हैं। सिंगापुर में लोगों को जागरूक करने के साथ मच्छरों की संख्या नियंत्रित करने के लिए विशेष नर मच्छरों का भी इस्तेमाल किया जाता है।

नई तकनीक से इन प्रयासों को एक और विकल्प मिल सकता है।

ADVERTISEMENT

जांच

सुरक्षा और असर की जांच के बाद होगा फैसला

फोटॉन मैट्रिक्स लैब के संस्थापक वांग चुआन के मुताबिक, मच्छरों के काटने की समस्या से परेशान होकर कंपनी ने यह उपकरण विकसित किया।

हालांकि, अभी इसे बड़े स्तर पर इस्तेमाल करने से पहले कई बातों की जांच जरूरी है। विशेषज्ञों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि लेजर लोगों, पक्षियों और मधुमक्खियों जैसे उपयोगी जीवों के आसपास कितना सुरक्षित रहेगा।

इसके अलावा इसकी कीमत और अलग-अलग जगहों पर असर भी तय करेगा कि यह तकनीक कितनी सफल होती है।

ADVERTISEMENT