AI ऑटोमेशन स्टार्टअप रिले हुआ बंद, प्रमुख कर्मचारी गूगल क्रोम टीम में शामिल
क्या है खबर?
रिले नाम का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऑटोमेशन स्टार्टअप बंद हो गया। यह एक वर्कफ्लो ऑटोमेशन प्लेटफॉर्म है, जिसने व्यवसायों को दोहराए जाने वाले कार्यों को सुव्यवस्थित करने में मदद की थी। यह अगले महीने अपना परिचालन बंद कर रहा है क्योंकि इसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रमुख कर्मचारियों ने गूगल की क्रोम टीम में पद स्वीकार कर लिए हैं। यह चुपचाप किया गया अधिग्रहण, तेजी से बढ़ते ऑटोमेशन बाजार में होनहार प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़ने का नतीजा है।
एक्सेस
14 सितंबर को बंद हो जाएगा ऐप का एक्सेस
2021 में स्थापित रिले के संस्थापक और CEO जैकब बैंक ने एक घोषणा शेयर करते हुए बताया कि ऐप 14 सितंबर को पैसे देने वाले यूजर्स के लिए एक्सेस बंद कर देगा। फ्री यूजर्स का एक्सेस 15 अगस्त को ही खत्म हो चुका है।
उन्होंने बताया है कि वह अब गूगल क्रोम के लिए उपाध्यक्ष (प्रोडक्ट) के तौर पर प्रोडक्ट और डेवलपर रिलेशंस टीमों को लीड करेंगे।
इससे पहले भी वे गूगल में 6 साल काम कर चुके हैं।
वापसी
बैंक की गूगल में हो रही वापसी
बैंक 2015 में गूगल से जुड़े थे। इससे पहले, उनके पिछले स्टार्टअप टाइमफुल (एक शेड्यूलिंग ऐप) को सर्च की दिग्गज कंपनी ने खरीद लिया था।
गूगल में उन्होंने कई अलग-अलग क्षेत्रों में काम किया, जिसमें जीमेल, गूगल कैलेंडर और गूगल चैट के लिए प्रोडक्ट लीड के तौर पर काम करना शामिल था।
इसके बाद, उन्होंने रिले शुरू करने के लिए कंपनी छोड़ दी। टाइमफुल की तरह ही रिले ने वर्कफ्लो ऑटोमेशन के जरिए यूजर्स को प्रोडक्टिविटी बढ़ाने वाले फीचर दिए।