Page Loader
पृथ्वी की तरफ बढ़ रहा 120 फीट चौड़ा एस्ट्रोयड, आज पहुंच जाएगा काफी करीब 
एस्ट्रोयड 2023 MF1 का आकार लगभग 120 फीट चौड़ा है (तस्वीर: पिक्साबे)

पृथ्वी की तरफ बढ़ रहा 120 फीट चौड़ा एस्ट्रोयड, आज पहुंच जाएगा काफी करीब 

Jun 25, 2023
10:47 am

क्या है खबर?

बृहस्पति और मंगल ग्रह के बीच स्थित एस्ट्रोयड्स बेल्ट से रास्ता भटककर एक एस्ट्रोयड तेजी से पृथ्वी की तरफ बढ़ रहा है, जिसको लेकर नासा ने अलर्ट जारी किया है। एस्ट्रोयड 2023 MF1 नामक एस्ट्रोयड आज (25 जून) 19 लाख किलोमीटर की दूरी पर पृथ्वी के काफी करीब पहुंच जाएगा। वर्तमान में यह 63,986 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हमारे ग्रह की तरफ बढ़ रहा है। अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, इस एस्ट्रोयड का आकार लगभग 120 फीट चौड़ा है।

अलर्ट

नासा कब जारी करती है अलर्ट?

अंतरिक्ष एजेंसी नासा पैंस-स्टार्स 1 और कैटालिना जैसे अंतरिक्ष और पृथ्वी पर मौजूद विभिन्न टेलीस्कोपों की मदद से पृथ्वी के करीब आने वाले वस्तुओं पर नजर रखती है। एस्ट्रोयड के बारे में अध्ययन करके वैज्ञानिक ग्रहों और सौरमंडल के बनने के समय मौजूद स्थितियों के बारे में जानकारी इकट्ठा करते हैं। जब कोई एस्ट्रोयड पृथ्वी के 80 लाख किलोमीटर के क्षेत्र में आता है, तब नासा संभावित खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी करती है।