
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत हुए कोरोना वायरस से संक्रमित, अस्पताल में भर्ती
क्या है खबर?
देश में सियासी हलके में कोरोना वायरस का संक्रमण अब तेजी से बढ़ता जा रहा है। प्रतिदिन कोई न कोई नेता इस वायरस की चपेट में आ रहा है।
गुरुवार को भी केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि इससे पहले पांच केंद्रीय मंत्रियों के भी कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
ट्वीट
जल शक्ति मंत्री ने ट्वीट कर दी खुद के संक्रमित होने की जानकारी
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत ने गुरुवार दोपहर ट्वीट कर खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी है।
उन्होंने ट्वीट किया, 'अस्वस्थता के कुछ लक्षण दिखने पर मैंने कोरोना टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ। मेरा अनुरोध है कि गत दिनों में मेरे संपर्क में जो लोग आये हैं वह स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। आप सभी स्वस्थ रहें और अपना ध्यान रखें।
क्वारंटाइन
केंद्रीय मंत्री के संपर्क में आए लोगों का लगाया जा रहा पता
केंद्रीय मंत्री शेखावत के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अब उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। उनके विभाग के कर्मचारियों को भी होम क्वारंटाइन होने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी तरह मंत्रालय में उनके कार्यालय को सैनिटाइज करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। ऐहतियात के तौर पर उनके परिवार के सदस्यों के भी नमूने लिए जाएंगे।
वर्तमान में लोगों के उनके घर जाने पर रोक लगा दी गई है।
जानकारी
अमित शाह के संपर्क में आने के बाद खुद को किया था क्वारंटाइन
बता दें कि केंद्रीय मंत्री शेखावत इस महीने के पहले सप्ताह में गृहमंत्री अमित शाह के संपर्क में आए थे। उनके संक्रमण की पुष्टि होने के बाद शेखावत ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया था, लेकिन अब जाकर उनके संक्रमण की पुष्टि हुई है।
अन्य मंत्री
ये केंद्रीय मंत्री भी हो चुके हैं कोरोना वायरस से संक्रमित
बता दें कि गत 2 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उन्होंने भी ट्वीट कर खुद के स्वस्थ होने तथा डॉक्टर की सलाह पर अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी।
उसके बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी और श्रीपद नाइक के भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। गृह मंत्री अमित शाह तो अभी भी अस्पताल में भर्ती है।
संक्रमण
भारत में यह है कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 69,652 नए मामले सामने आए और 977 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 28,36,925 हो गई है, वहीं 53,866 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या 6,86,395 हो गई है। पिछले कई दिन से भारत में रोजाना दुनिया में सबसे अधिक नए मामले सामने आए रहे हैं।