Page Loader
पश्चिम बंगाल चुनाव: TMC उम्मीदवार सुजाता मंडल ने लगाया ईंटों से हमला करने का आरोप

पश्चिम बंगाल चुनाव: TMC उम्मीदवार सुजाता मंडल ने लगाया ईंटों से हमला करने का आरोप

Apr 06, 2021
02:13 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत मंगलवार को 31 सीटों पर हो रहे तीसरे चरण के मतदान में भाजपा और तृणमृल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें होने की खबरें सामने आ रही है। इसी बीच हुगली जिले की आरामबाग सीट से TMC की उम्मीदवार सुजाता मंडल खान पर नकाबपोशों द्वारा ईंटों से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इसमें उनका एक सहयोगी घायल हो गया। बता दें सुजाता भाजपा सांसद सौमित्र खान की पत्नी हैं।

मतदान

पश्चिम बंगाल में तीन जिलों की 31 सीटों पर हो रहा है मतदान

बता दें पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के मतदान के तहत तीन जिलों की 31 सीटों के लिए 10,871 बूथों पर मतदान चल रहा है। इसमें दक्षिण 24 परगना जिले की 16, हावड़ा की सात और हुगली की आठ सीटें शामिल है। इस चरण में भाजपा नेता स्वप्न दासगुप्ता, TMC मंत्री आशिमा पात्रा और CPM नेता कांति गांगुली सहित 205 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। आयोग ने सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 618 कंपनियों को तैनात किया है।

हमला

फर्जी मतदान रोकने पर किया हमला- सुजाता

इंडिया टुडे के अनुसार सुजाता ने बताया कि दोपहर में वह आरामबाग बूथ पर फर्जी मतदान कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास कर रही थी। उसी दौरान मास्क पहने लोगों ने उन पर ईंटों से हमला कर दिया। इस दौरान उनका एक सहयोगी घायल हो गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लाठियों से भी उन पर हमला करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनके सहयोगियों ने घेराबंदी करते हुए उन्हें बचा लिया। मौके पर हालात बेहद नाजुक हैं।

आरोप

सुजाता ने भाजपा पर लगाया आरोप

सुजाता ने घटना के लिए भाजपा पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि फर्जी मतदान का विरोध करने पर भाजपा के मास्क पहले हुए गुंडों ने उन पर हमला किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के गुंडों ने सोमवार रात को ममता बर्नजी के समर्थक और अरंडी क्षेत्र के अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति के लोगों को भी धमकाया था। इसमें महिलाओं को प्रताडि़त भी किया गया था। उन्होंने कहा कि चुनाव में स्थिति खराब है।

जानकारी

सोशल मीडिया पर आया घटना का वीडियो

सुजाता पर हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि मास्क पहले लोग उनके पीछे लाठियां लेकर भाग रहे हैं और कुछ लोग उन्हें बचाने के लिए अपने साथ लेकर आगे-आगे चल रहे हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें घटना का वीडियो

अन्य आरोप

TMC को वोट देने पर भाजपा में जा रहा- सुजाता

सुजाता ने कहा कि कई जगह स्थिति अच्छी है, लेकिन जहां TMC मजबूत है वहां हालात खराब है। बूथ संख्या 45 पर लोग TMC को वोट दे रहे हैं, लेकिन भाजपा में जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरंडी-II में TMC के दो कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई है। इसी तरह बूथों पर तैनात केंद्रीय बलों के जवान भी निष्पक्ष नहीं है। वह बूथों पर मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए बोल रहे हैं।