Page Loader
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई की रैली को लेकर भिड़े भाजपा और DMK के कार्यकर्ता, FIR दर्ज
तमिलनाडु में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई के खिलाफ मामला दर्ज (तस्वीर: एक्स/@annamalai_k)

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई की रैली को लेकर भिड़े भाजपा और DMK के कार्यकर्ता, FIR दर्ज

लेखन गजेंद्र
Apr 12, 2024
04:26 pm

क्या है खबर?

तमिलनाडु में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और कोयंबटूर से उम्मीदवार के अन्नामलाई के चुनाव प्रचार के समय को लेकर गुरुवार रात भाजपा और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े में 7 लोग घायल हुए, जिनमें एक अस्पताल में भर्ती है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और लोगों को खदेड़ा। DMK कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने अन्नामलाई, भाजपा के जिला सचिव रमेश समेत 4 पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की।

उल्लंघन

क्या है मामला? 

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, अवरामपलयम इलाके में चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समय के बाद भी भाजपा नेताओं द्वारा प्रचार पर DMK और उनके सहयोगी वामदलों ने आपत्ति जताई थी। पुलिस ने बताया कि इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद DMK कार्यकर्ताओं ने प्रचार को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए पीलामेडु थाने में शिकायत की और जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नियम

क्या कहता है चुनाव आयोग का नियम?

चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक, सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक ही प्रचार किया जा सकता है। इससे पहले और बाद में किसी तरह की बैठक, जनसभा और रैली नहीं होगी। इसके अलावा किसी राजनीतिक पार्टी की जनसभा या रैली में किसी दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शामिल होकर हंगामा और उसे बाधित करने की अनुमति नहीं होती है। ऐसे मामलों में शिकायत होने पर कार्रवाई की जा सकती है।