गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल
क्या है खबर?
उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव है, उससे पहले राजनीतिक पार्टियों में हलचल शुरू हो गई है। सोमवार को मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। उनका उत्तराखंड की कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और गुरदीप सप्पल ने स्वागत किया। शैलजा ने कहा कि रामशरण कांग्रेस के पुराने साथी हैं, जिनको भाजपा में घुटन महसूस हो रही थी, जिनका मन खिन्न हो गया था।
बदलाव
कांग्रेस के महासचिव रहे हैं रामशरण
यशपाल आर्य ने कहा कि रामशरण जिला पंचायत के अध्यक्ष रहे हैं। वह कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और महासचिव रह चुके हैं।
उन्होंने बताया कि यशपाल सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं और उच्च शिक्षित भी हैं, उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को हमेशा आत्मसात किया।
बता दें कि रामशरण भाजपा के टिकट पर साल 2022 में चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके है। चकराता से कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता प्रीतम सिंह विधायक हैं।
बदलाव
बड़े लोग कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं- गोदियाल
कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि राज्य में हवा पूरी तरह से बदल गई है और जहां भी जा रहे हैं, लोग एक ही बात कह रहे हैं कि बदलाव आवश्यक हो गया है।
उन्होंने कहा कि काफी बड़े-बड़े लोग कांग्रेस में आना चाहते हैं क्योंकि आम लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है।
उन्होंने चकराता सीट पर असमंजस को लेकर कहा कि प्रीतम सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और आगे की रणनीति बाद में तय होगी।