लखनऊ: कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच चले जूते-चप्पल
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में रविवार को बेहद शर्मनाक और तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष अजय राय और पार्षद ममता चौधरी के समर्थकों के बीच जमकर लात-घूंसे और जूते-चप्पल चल गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सरेआम हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विवाद
कैसे हुआ विवाद?
हॉल में जब नवनियुक्त अध्यक्ष 'मोना' की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी, तभी पूर्व अध्यक्ष राय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे।
उनके समर्थकों ने हॉल के भीतर तेज आवाज में 'अजय राय जिंदाबाद' के नारे लगाना शुरू कर दिया।
इस नारेबाजी पर वहां मौजूद महिला नेता ममता चौधरी ने तीखी आपत्ति जताई। उन्होंने नारे लगा रहे कार्यकर्ताओं को डांटते हुए कुछ ऐसे अपशब्द कहे जो राय समर्थकों को नागवार गुजरे।
उसके बाद दोनों गुटों के समर्थकों में झड़प हो गई।
हालात
जूते लहराए और हुई हाथापाई
ममता के मुंह से अपशब्द सुनते ही राय के समर्थक पूरी तरह आपा खो बैठे।
उन्होंने मौके पर ही ममता के खिलाफ जूते हवा में लहराना शुरू कर दिए और दोनों ओर से गाली-गलौज के साथ जमकर लात-घूंसे चल गए।
इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य कार्यकताओं और पदाधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों को अलग किया। इसके बाद राय विरोध स्वरूप मौके पर ही धरने पर बैठ गए।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
Supporters of Congress leader Ajay Rai and UP Congress president Aradhana Mishra Mona clashed at the party office in Lucknow. Blows were exchanged, shoes were huled over allegations that Rai's supporters were absued. pic.twitter.com/KIN1LFSzrd
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) October 11, 2026
शिकायत
राय ने दर्ज कराई शिकायत
इस घटना के बाद राय ने पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और इमरान मसूद से इस बदसलूकी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "ममता चौधरी जैसे लोग पार्टी की छवि को पूरी तरह से खराब कर रहे हैं। अगर ऐसे लोग संगठन के भीतर बने रहेंगे, तो पूरे दल का माहौल खराब होगा। मैं आलाकमान से ममता को तुरंत पार्टी से निष्कासित करने की मांग करता हूं।"
सफाई
ममता ने क्या दी सफाई?
मामले में ममता ने सफाई में कहा कि वे केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हो रहे शोर-शराबे और नारेबाजी को शांत कराने की कोशिश कर रही थीं।
उन्होंने जूते लहराने और हमला करने का आरोप अजय राय के समर्थकों पर मढ़ा है।
इस पूरे मामले पर पार्टी आलाकमान ने कड़ा संज्ञान लिया है।
यह पूरी घटना यूपी कांग्रेस में लंबे समय से चली आ रही आंतरिक गुटबाजी और नए व पुराने नेतृत्व के बीच वर्चस्व की जंग का नतीजा है।