UGC-NET परीक्षा रद्द करने पर राहुल गांधी का NTA पर निशाना, बोले- मोदी जी ये देखिए
क्या है खबर?
राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा UGC-NET की अंग्रेजी, समाजशास्त्र और कॉमर्स की परीक्षा रद्द किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए लिखा, 'मोदी जी, देखिए आपकी NTA ने अभी क्या किया है। उसने 2 महीने पहले हुई NET की 3 परीक्षाओं को रद्द कर दिया।' राहुल ने लिखा कि NTA अभी भी असली सवाल का जवाब नहीं देगी कि क्या ये पेपर भी लीक हुए थे।
परीक्षा
NTA ने कल दी थी दोबारा परीक्षा कराने की जानकारी
NTA ने रविवार को एक्स पर लिखा था, 'अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के पेपर में कई गलतियों के बारे में शिकायतें मिली थीं। NTA ने इन गलतियों की जांच करने के लिए एक कमेटी बनाई और कमेटी की सिफारिश के आधार पर, NTA निष्पक्ष और त्रुटि-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित करेगा।'
NTA ने बताया कि दोबारा परीक्षा 9 और 10 सितंबर को विषय के अनुसार होगी, जिसके लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं लगेगी।
निशाना
राहुल गांधी का NTA पर निशाना
NTA के संदेश को राहुल ने साझा कर लिखा, 'तीनों विषयों की UGC-NET परीक्षाएं 22 से 30 जून के बीच हुईं। लगभग 2 महीने बाद, NTA ने तीनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया क्योंकि उसने गलत पेपर सेट किए और पुराने सवाल दोहराए थे। हजारों उम्मीदवार जिन्होंने सालों तक तैयारी की, फॉर्म भरे, फीस दी और दूर-दराज के सेंटरों तक यात्रा की, उन्हें अब सितंबर में यह सब फिर करना होगा। गलती NTA करती है, लेकिन सजा छात्र भुगतते हैं।
निशाना
यह शिक्षा व्यवस्था नहीं, निचोड़ने वाली मशीन है- राहुल
कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, 'ये कोई शिक्षा व्यवस्था नहीं बल्कि निचोड़ने वाली मशीन है। यह आपके पैसे, साल, मानसिक सेहत और आत्मविश्वास ले लेती है और बदले में कुछ नहीं देती। यहां तक कि नौकरी भी नहीं।'
राहुल ने लिखा कि NTA अभी असली सवाल का जवाब नहीं देगी- क्या परीक्षा से पहले ये पेपर लीक हुए थे?
उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा पहला कदम था, आखिरी नहीं। NTA के नेतृत्व की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।